Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

Nepanagar Congress

Nepanagar Congress: नेपानगर में खुली विकास की पोल, कांग्रेस की परिषद में कांग्रेसी सड़क पर उतरे

नगर पालिका के विकास कार्यों की हकीकत शनिवार को नेपानगर की सड़कों पर साफ दिखाई दी।


nepanagar congress नेपानगर में खुली विकास की पोल कांग्रेस की परिषद में कांग्रेसी सड़क पर उतरे

Nepanagar Congress: नेपानगर में खुली विकास की पोल, कांग्रेस की परिषद में कांग्रेसी सड़क पर उतरे |

Nepanagar Congress: नगर पालिका के विकास कार्यों की हकीकत शनिवार को नेपानगर की सड़कों पर साफ दिखाई दी। करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के दावों के बीच वार्ड क्रमांक-2 में ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सबसे बड़ी बात यह रही कि कांग्रेस की अध्यक्ष वाली नगर पालिका में कांग्रेस के ही पार्षद पक्ष को जनता के साथ सड़क पर उतरकर गड्ढे भरने पड़े। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

शनिवार को वार्ड क्रमांक-2 की पार्षद अनीशा पटेल के नेतृत्व में उनके पति एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पटेल ने वार्डवासियों के साथ मिलकर भगत सिंह द्वार से सीएमडी बंगले तक पहुंच मार्ग के गहरे गड्ढों को जनसहयोग से भरने का कार्य किया। बारिश के बीच फावड़े और गिट्टी लेकर सड़क पर उतरे जनप्रतिनिधियों का यह दृश्य पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

सात साल पहले बनी सड़क अब बदहाल

जानकारी के अनुसार इस सड़क का डामरीकरण लगभग सात वर्ष पहले किया गया था। वर्तमान में सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए सड़क जानलेवा बन गई है। इसी मार्ग से प्रतिदिन केंद्रीय विद्यालय सहित आसपास के स्कूलों में आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं गुजरते हैं। अभिभावकों का कहना है कि बारिश में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

शिकायतें करते रहे, कोई सुनवाई नहीं हुई

पार्षद अनीशा पटेल का आरोप है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए नगर पालिका के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि जब जिम्मेदार विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो वार्डवासियों को स्वयं आगे आकर सड़क के गड्ढे भरने पड़े।

2022 में भी उठी थी मांग, तब नहीं निर्माण

पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश पटेल ने बताया कि वर्ष 2022 में एलके इंटरप्राइजेज एवं इन्फिनिटी फर्म द्वारा क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। उस समय भी भगत सिंह द्वार से विकास खेल परिसर तक इस महत्वपूर्ण मार्ग को निर्माण कार्य में शामिल करने की मांग रखी गई थी, लेकिन इसे स्वीकृति नहीं मिली। परिणामस्वरूप आज भी यह सड़क बदहाल स्थिति में है और इसका खामियाजा आम नागरिकों तथा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।

'जनप्रतिनिधियों का काम सड़क बनाना नहीं'

राजेश पटेल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना है, न कि खुद सड़क निर्माण करना। उन्होंने कहा कि गड्ढे भरने का यह अभियान नगर पालिका प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराने का प्रतीकात्मक प्रयास है। यदि समय रहते सड़क का स्थायी निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने नगर पालिका परिषद से मांग की कि भगत सिंह द्वार से सीएमडी बंगले तथा विकास खेल परिसर तक के मार्ग का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि आम नागरिकों और विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

वार्डवासियों ने भी संभाली जिम्मेदारी

जनसहयोग अभियान में देवीदास चौहान, कुलदीप बैंस, हेमंत पाटिल, अमित दास, ललित, अमित उईके, आकाश इंगले, आकाश पटेल, विजय बार्वे, शेख शकील, राजू पटेल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन समय पर जिम्मेदारी निभाता तो नागरिकों को खुद सड़क पर उतरकर गड्ढे भरने की नौबत नहीं आती।

Related to this topic: