CM Yogi Diwali: दीपावली के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में अनूठे अंदाज में पर्व की खुशियां साझा कीं। दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बीच सीएम योगी ने संत समाज के साथ भोजन किया और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे शहर की निषाद बस्ती और सफाईकर्मियों के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने जनता के साथ दीवाली की खुशियां बांटीं।
निषाद बस्ती में पहुंचे सीएम योगी
सीएम योगी ने अयोध्या की निषाद बस्ती में घर-घर जाकर परिवारों को फल, मिठाइयां और दीपावली की सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान की रीढ़ माने जाने वाले सफाईकर्मियों से मुलाकात की, उनके साथ आत्मीय पल बिताए और सेल्फी भी ली। बस्ती के बच्चों को उपहार पाकर उनके चेहरे खिल उठे। दीपावली मिलन समारोह और जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि हमारा संकल्प होना चाहिए कि आने वाले समय में हमारी अयोध्या के ऊपर किसी मंथरा या मारीच की कुदृष्टि न पड़े। कोई भी ताकत अयोध्या के वैभव को लूटने और इसे बदनाम करने की कोशिश न कर पाए।
रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक राम मंदिर और हनुमानगढ़ी पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। उन्होंने रामलला के दरबार में दंडवत प्रणाम कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। अयोध्या के भव्य कार्यक्रमों के तुरंत बाद सीएम योगी गोरखपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे शहर से 15 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव में वनटांगिया परिवारों के साथ दीपावली का पर्व मनाएंगे।