आषाढ़ गुप्त नवरात्रि के मौके पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर तुलसीपुर में दर्शन-पूजन किया।
तुलसीपुर: आषाढ़ गुप्त नवरात्रि के मौके पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह प्रसिद्ध देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर तुलसीपुर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान सीएम योगी ने मां पाटेश्वरी का पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।
शक्तिपीठ में विशेष पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय बलरामपुर दौरे के तहत बुधवार सुबह मां पाटेश्वरी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में मां पाटेश्वरी का पूजन किया और विशेष आरती उतारी। दर्शन-पूजन के उपरांत गोरक्षपीठाधीश्वर ने मंदिर परिसर स्थित गौशाला में जाकर गौसेवा की और गायों को गुड़ व चारा खिलाया।
मंदिर परिसर का लिया जायज़ा
गुप्त नवरात्रि के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को दर्शन-पूजन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने और स्वच्छता का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।