छत्तीसगढ़ में 129 पुलिस अधिकारियों के तबादले के बाद कई जिलों और मुख्यमंत्री सुरक्षा समेत अहम इकाइयों की कमान बदली गई। जानिए किस अफसर को कहां नई जिम्मेदारी मिली।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। इस रीशफल के अंतर्गत राज्य पुलिस सेवा के 129 अधिकारियों की नई तैनाती कर दी गई है। इस बदलाव का असर मुख्यमंत्री सुरक्षा से लेकर बस्तर संभाग और कई जिलों की पुलिस व्यवस्था तक दिखाई देगा। गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के 37 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और 92 उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मंत्रालय महानदी भवन से जारी आदेश के मुताबिक ये पदस्थापनाएं अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी।
नई जिम्मेदारियों से बदला पुलिस महकमे का ढांचा
इस तबादला आदेश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), उप पुलिस अधीक्षक (DSP), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), एसडीओपी और उप सेनानी जैसे कई अहम पद शामिल हैं। प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर अलग-अलग जिलों और विशेष इकाइयों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है, जिससे पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी मानी जा रही है।
ASP स्तर पर कई अहम पदों की जिम्मेदारी बदली
जारी सूची के अनुसार ओपी शर्मा को 4वीं वाहिनी माना रायपुर से हटाकर मुख्यमंत्री सुरक्षा में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
राजेंद्र प्रसाद भैया को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से पीटीएस मैनपाट भेजा गया है।
संतोष महतो को 5वीं वाहिनी जगदलपुर का सेनानी नियुक्त किया गया है।
सुखनंदन राठौर अब दुर्ग की जगह बस्तर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
शोभराज अग्रवाल को मुख्यमंत्री सुरक्षा से दुर्ग शहर का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
राम कुमार बर्मन को दंतेवाड़ा से रायपुर नगरीय यातायात में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी मिली है।
गायत्री सिंह को पुलिस मुख्यालय रायपुर स्थित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) में सहायक पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा सुप्रतिभा तिवारी, उमेश कुमार कश्यप, चंद्रकांत गवर्ना, रितेश चौधरी और खोमन लाल सिन्हा समेत कई अधिकारियों के प्रभार भी बदले गए हैं।
DSP और SDOP स्तर पर भी व्यापक बदलाव
उप पुलिस अधीक्षक संवर्ग में भी बड़े पैमाने पर पदस्थापनाएं की गई हैं।
स्नेहिल साहू को सारंगढ़ से रायपुर नगरीय यातायात में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
देवांश सिंह राठौर को रायपुर से दुर्ग भेजा गया है।
निशांत पाठक को भिलाई का नगर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
तिलेश्वर प्रसाद यादव को बिलासपुर कोतवाली और परमेश्वर तिलकवार को बिलासपुर सिविल लाइन का CSP बनाया गया है।
राहुल कुमार उईके को रायगढ़ का नगर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कई अन्य डीएसपी अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में भी नई तैनाती
सरकार ने नक्सल प्रभावित सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे जिलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। ऑप्स (Ops) और डीआरजी (DRG) में कार्यरत कई उप पुलिस अधीक्षकों को मैदानी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के रूप में तैनात किया गया है। इसे कानून व्यवस्था और क्षेत्रीय पुलिसिंग को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
राज्यपाल के नाम से जारी हुआ आदेश
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदस्थापनाओं के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमोदन प्राप्त किया जा चुका है। आदेश राज्यपाल के नाम से उप सचिव राम प्रसाद चौहान के डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया है। इसकी प्रतियां मुख्यमंत्री सचिवालय, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक, संबंधित आईजी और जिला प्रशासन को आगे की कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।