Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़

Mahtari Vandan Yojana: eKYC Mandatory for Payment

महतारी वंदन योजना: 2.55 लाख महिलाओं के लिए फिर अनिवार्य eKYC, इसके बिना नहीं मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत 2.55 लाख महिलाओं को दोबारा eKYC कराना होगा। बिना eKYC खाते में राशि नहीं आएगी, जानें पूरी प्रक्रिया और कारण।


महतारी वंदन योजना 255 लाख महिलाओं के लिए फिर अनिवार्य ekyc इसके बिना नहीं मिलेगा लाभ

E-Kyc For Mahtari Vandan |

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। योजना का लाभ ले रहीं करीब 2.55 लाख हितग्राहियों को एक बार फिर eKYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना eKYC के लाभार्थियों के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं की जाएगी।

नए सिरे से होगा सत्यापन

जिले में कुल 2,55,344 महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। अब इन सभी का डेटा दोबारा सत्यापित किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत आधार कार्ड और बैंक पासबुक में दर्ज नाम का मिलान किया जाएगा। यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित हितग्राही को संशोधन फॉर्म भरकर जमा करना होगा।

बिना eKYC नहीं आएगी ₹1000 की राशि

अधिकारियों के मुताबिक, जिन महिलाओं की eKYC प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उनके खाते में हर महीने मिलने वाली ₹1000 की सहायता राशि नहीं भेजी जाएगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि कुछ महीने पहले 7 हजार से अधिक महिलाओं का ई-केवाईसी किया गया था। लेकिन अब उन्हें भी दोबारा यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

अपात्र हितग्राहियों के नाम हटाए गए

पिछले एक साल के दौरान योजना से 3 हजार से अधिक अपात्र हितग्राहियों के नाम हटाए जा चुके हैं। इनमें कुछ ऐसे मामले भी शामिल थे, जहां लाभार्थी की मृत्यु हो चुकी थी, लेकिन नाम सूची में बना हुआ था।

नए आवेदन पर अभी रोक

फिलहाल योजना के तहत नए आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। कई महिलाएं नए फॉर्म जारी होने का इंतजार कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में ‘सुराज अभियान’ के दौरान घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि छूटी हुई महिलाओं को जोड़ने के लिए नए आवेदन लिए जाएंगे। लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।

इन कारणों से खाते में नहीं आ रही राशि

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई तकनीकी कारणों से भी भुगतान अटक रहा है, जैसे-

- आधार कार्ड 10 साल से पुराना होने पर बायोमैट्रिक अपडेट नहीं होना
- बैंक खाता बंद हो जाना
- आधार और बैंक डिटेल्स में नाम का मेल न होना
- eKYC प्रक्रिया अधूरी होना

इन समस्याओं के कारण कई लाभार्थियों के खाते में राशि ट्रांसफर नहीं हो पा रही है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने सभी हितग्राहियों से जल्द से जल्द eKYC प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। ताकि योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे।

Related to this topic: