छत्तीसगढ़ के कांकेर में डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट में DRG के तीन जवान घायल हो गए। नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज किया।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार को नक्सल प्रभावित इलाके में बड़ा हादसा हो गया डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए IED में विस्फोट हो गया, जिसमें जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान घायल हो गए। घटना छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में हुई, जो नारायणपुर सीमा से लगा हुआ है।
ब्लास्ट के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने जंगल को घेरकर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है इस घटना ने एक बार फिर नक्सली गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक DRG की टीम जंगल में डिमाइनिंग ऑपरेशन चला रही थी, अभियान का मकसद नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटकों को ढूंढकर निष्क्रिय करना था।
इसी दौरान जवानों का संपर्क जमीन में छिपाए गए IED से हो गया। अचानक जोरदार धमाका हुआ और तीन जवान घायल हो गए। आसपास मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
घायल जवानों की हालत स्थिर
घायल जवानों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सभी जवानों की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
नक्सल मुक्त दावे के बाद पहली बड़ी घटना
यह घटना इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि 31 मार्च को राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित करने का दावा किया था।
इसके बाद यह पहला बड़ा IED ब्लास्ट है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञों का मानना है कि नक्सली अब भी जंगल क्षेत्रों में छिपे विस्फोटकों के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
इलाके में तेज किया गया सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। जवानों को आसपास के इलाकों में अन्य संभावित IED की तलाश में लगाया गया है।
पुलिस का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।