खरीफ सीजन से पहले छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से 46,500 टन अतिरिक्त डीएपी आवंटित हुआ है। इससे किसानों को खाद की कमी से राहत मिलेगी और कृषि कार्य समय पर पूरे हो सकेंगे।
रायपुर। खरीफ सीजन के बीच खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की चिंता अब काफी हद तक कम होती दिख रही है। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 46,500 टन अतिरिक्त डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) आवंटित किया है। इससे प्रदेश में उर्वरकों की आपूर्ति मजबूत होगी और किसानों को समय पर खाद मिलने का रास्ता साफ होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अतिरिक्त आवंटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान राज्य की जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया।
किसानों को समय पर मिलेगी खाद
राज्य सरकार का कहना है कि अतिरिक्त डीएपी मिलने से खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय पर खाद उपलब्ध होने से बुआई और अन्य कृषि कार्य बिना किसी बाधा के पूरे किए जा सकेंगे। सरकार का मानना है कि यह फैसला किसानों के लिए महत्वपूर्ण राहत लेकर आया है।
यूरिया पहले से पर्याप्त उपलब्ध
सरकार के अनुसार प्रदेश में यूरिया का पर्याप्त स्टॉक पहले से मौजूद है। अब अतिरिक्त डीएपी मिलने के बाद खरीफ सीजन के लिए उर्वरकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। इससे वितरण व्यवस्था भी बेहतर होगी और किसानों को खाद के लिए अतिरिक्त इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को डीएपी, यूरिया समेत सभी जरूरी कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उनका कहना है कि डबल इंजन सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसान कल्याण से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता दे रही है, ताकि खेती प्रभावित न हो और उत्पादन बेहतर हो सके।