Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश

Tapti Mill workers Strike

ताप्ती मिल में 12 महीने से रुके वेतन भुगतान पर टकराव, कर्मचारियों ने काम बंद कर खोला मोर्चा

बुरहानपुर की ताप्ती मिल में 12 महीने से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। प्रबंधन ने दो माह का वेतन जल्द जारी करने का भरोसा दिया है।


ताप्ती मिल में 12 महीने से रुके वेतन भुगतान पर टकराव कर्मचारियों ने काम बंद कर खोला मोर्चा

Burhanpur News |

बुरहानपुर। कभी हजारों परिवारों की आजीविका का आधार रही एनटीसी की ताप्ती मिल आज वेतन संकट के चलते गंभीर हालात से गुजर रही है। करीब एक वर्ष से वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। पिछले चार दिनों से कर्मचारी मिल परिसर के बाहर टेंट लगाकर "वेतन नहीं तो काम नहीं" के नारे के साथ हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलन को सोमवार को कांग्रेस का समर्थन भी मिल गया, जिससे मामला और गरमा गया है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहे, लेकिन प्रबंधन की ओर से केवल आश्वासन ही मिलता रहा। पहले कहा गया कि दो माह में वेतन मिलेगा, फिर चार माह का इंतजार करने को कहा गया, लेकिन देखते ही देखते पूरा एक साल गुजर गया। अब हालात ऐसे हैं कि कर्मचारियों के सामने परिवार चलाने, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो गया है।

वेतन  न मिलने पर कर्मचारियों का सख्त फैसला

धरने पर बैठे कर्मचारी रविंद्र महाजन ने कहा कि कर्मचारी नियमित रूप से काम कर रहे थे, लेकिन पिछले एक साल से वेतन नहीं मिला। बार-बार आश्वासन देकर समय निकाला जाता रहा। अब प्रबंधन केवल दो माह का वेतन देने की बात कर रहा है, जबकि पूरा साल बकाया है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और काम शुरू नहीं होगा।

कांग्रेस ने सरकार और जनप्रतिनिधियों को घेरा

धरना स्थल पहुंचे शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू टाक ने कर्मचारियों की मांग का समर्थन करते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक साल से कर्मचारी वेतन के लिए भटक रहे हैं, लेकिन न सांसद ने सुध ली और न ही विधायक ने। आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों के परिवारों की चिंता किसी को नहीं है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मिल के महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है। यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही इस मुद्दे को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के माध्यम से संसद में भी उठाने की बात कही गई।

क्या बोला प्रबंधन

ताप्ती मिल के कारखाना प्रबंधक सुधीर कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी के बाद से एनटीसी की देशभर की 23 मिलों में उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसी कारण आर्थिक संकट उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि वेतन भुगतान में आ रही तकनीकी समस्या दूर कर ली गई है और एक-दो दिन में दो माह का वेतन जारी कर दिया जाएगा। शेष बकाया राशि भी करीब डेढ़ माह के भीतर चरणबद्ध तरीके से देने का प्रयास किया जाएगा।

वादों पर भरोसा खत्म, अब भुगतान का इंतजार

ताप्ती मिल कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से केवल आश्वासन सुनते आ रहे हैं। इस बार वे आश्वासन नहीं, बल्कि खाते में वेतन आने का इंतजार कर रहे हैं। यदि तय समय में भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related to this topic: