लखनऊ। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति मोर्चा के छह नए जिलाध्यक्षों का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से इन नियुक्तियों की सूची जारी हुई। घोषणा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत ने की।
मेरठ से सिद्धार्थनगर तक नई टीम
सूची के मुताबिक मेरठ महानगर की कमान विश्वजीत सोनकर को सौंपी गई है। अलीगढ़ महानगर में मनोज माहौर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। ललितपुर में राहुल श्रीवास को जिम्मेदारी मिली है। कानपुर में अजय वर्मा को यह पद दिया गया है। वाराणसी महानगर में रिंकू भारतीय और सिद्धार्थनगर में संजय गौतम को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

एक दिन पहले ओबीसी मोर्चा में भी बदलाव हुए
इससे पहले शनिवार को भाजपा ने ओबीसी मोर्च के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की थी। पार्टी के बयान के अनुसार असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन सहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है।
तत्काल प्रभाव से लागू होंगी नियुक्तियाँ
पार्टी ने अलग-अलग राज्यों से मोर्चा के सात नए राष्ट्रीय सचिव और 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भी चुने हैं। भाजपा के मुताबिक ये सभी नियुक्तियाँ राष्ट्रीय अध्यक्ष निति नबीन के निर्देश पर हुई हैं। ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने बताया कि सभी नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।