मध्यप्रदेश BJP के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
MP BJP Protests: MP कांग्रेस कार्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन, रामेश्वर शर्मा का बड़ा हमला |
MP BJP Protests: मध्यप्रदेश BJP के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के निकट किए गए धरना व हंगामे के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काली टी-शर्ट पहनकर और हाथों में तख्तियां लेकर रेडक्रॉस हॉस्पिटल से कांग्रेस कार्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला।
विधायक रामेश्वर शर्मा का हमला
कांग्रेस कार्यालय के बाहर आयोजित प्रदर्शन के दौरान हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदुस्तान में सबसे बड़ा सदन लोकसभा और राज्यसभा है। भाजपा सरकार सदन के अंदर हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और चर्चा से जो निष्कर्ष निकलेगा, उसे लागू भी करेगी। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा रचित संविधान की डायरी सिर्फ दिखाने भर से काम नहीं चलेगा, उसे पढ़ना पड़ेगा और आचरण में लाना पड़ेगा।
पीएम आवास पर हंगामे का विरोध
विधायक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता संसद में जाकर चर्चा करें, प्रधानमंत्री जी के आवास पर जाकर हमले की कोशिश न करें। मीडिया से बात करते हुए रामेश्वर शर्मा ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि भारत का हर बेटा-बेटी हमारा था, हमारा है और हमेशा हमारा रहेगा। अगर चीन और पाकिस्तान का दलाल बनकर भारतीय लोकतंत्र को खतरा पहुंचाने की कोशिश की गई, तो ध्यान रखें कि आज का यह प्रदर्शन केवल सांकेतिक था, लेकिन अगला प्रदर्शन कांग्रेस की चटनी बनाने के लिए होगा।