Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > छत्तीसगढ़

Bilaspur heavy Rain Flood Crisis

लगातार बारिश से बिलासपुर बेहाल, सालों बाद बाढ़ जैसे हाल, स्कूलों में छुट्टी; रेलवे ट्रैक डूबे

बिलासपुर में लगातार बारिश से 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्कूल बंद हैं, कई इलाकों में रेस्क्यू जारी है और रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से ट्रेन संचालन भी प्रभावित हुआ है।


लगातार बारिश से बिलासपुर बेहाल सालों बाद बाढ़ जैसे हाल स्कूलों में छुट्टी रेलवे ट्रैक डूबे

Bilaspur Heavy Rain News |

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कुछ जिले अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के कई हिस्से जलमग्न हैं और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए राहत अभियान चलाया जा रहा है। हालात को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है जबकि रेलवे और सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है।

पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 74.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सीपत क्षेत्र में 110.2 मिमी रिकॉर्ड हुई। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था बाधित हुई है और प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है।

बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी

गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश रातभर तेज होती गई। कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और नालों का पानी सड़कों पर बहने लगा। कई कॉलोनियों में घरों के भीतर तक पानी पहुंच गया, जिससे लोगों को रातभर परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्टर आवास परिसर में भी जलभराव होने के बाद नगर निगम की टीम पानी निकालने में लगी रही।

रेलवे ट्रैक पर पानी चढ़ा तो ट्रेनों पर असर

बिलासपुर रेलवे मंडल में ट्रैक और यार्ड में जलभराव होने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ। सुरक्षा को देखते हुए पांच MEMU ट्रेनों को रद्द किया गया जबकि तीन ट्रेनों का संचालन बदले हुए रूट और आंशिक मार्ग पर किया गया। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।

निचले इलाकों में रेस्क्यू जारी

सरकंडा, चांटीडीह और दोमुहानी समेत कई इलाकों में पानी तेजी से भर गया। दोमुहानी में दस से अधिक घर चारों ओर से पानी से घिर गए, जहां परिवार रातभर फंसे रहे। SDRF की टीम और स्थानीय प्रशासन नावों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटा है। सरकंडा के बंधवापारा क्षेत्र से भी कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

नहर टूटने से बढ़ी मुश्किलें

अरपा चेक डैम की नहर मानिकपुर के पास टूटने के बाद देवरीखुर्द, मानिकपुर और आसपास के इलाकों में अचानक पानी फैल गया। कई घर जलमग्न हो गए और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ लगातार हालात का आकलन कर रहा है।

सड़क संपर्क भी कई जगह टूटा

बिलासपुर-मस्तूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर चार से पांच फीट तक पानी बहने लगा, जिसके कारण यातायात रोकना पड़ा। कोटमीसोनार के पास लीलागर नदी के पुल पर भी पानी चढ़ने से मार्ग बंद कर दिया गया। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और केवल सुरक्षित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

Related to this topic: