बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक ज्वेलर से लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। सोमवार शाम नेलसनार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 63 पर पांडे मुर्गा गांव के पास तीन अज्ञात लोगों ने चाकू दिखाकर सर्राफा कारोबारी का जेवरों से भरा बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण थे। वारदात के बाद बदमाश जंगल की ओर भाग निकले।
तूफान वाहन रोककर छीना जेवरों का बैग
भैरमगढ़ में ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले स्वरूप सोनी रोज की तरह गीदम जा रहे थे। वे तूफान वाहन में सवार थे। शाम करीब सवा छह बजे जैसे ही गाड़ी पांडे मुर्गा के पास पहुंची, मोटरसाइकिल पर आए तीन लोगों ने उसे रोक लिया। तीनों ने चाकू की नोंक पर स्वरूप सोनी से बैग छीना और जंगल की तरफ निकल गए।
थाना प्रभारी ने की घटना की पुष्टि
स्वरूप सोनी ने पूरी घटना की सूचना नेलसनार थाने में दी। दो करोड़ के जेवर लूटे जाने की खबर तो आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल से बात करने पर उन्होंने वारदात की पुष्टि की। उनके मुताबिक ज्वेलर ने लूट की जानकारी दी है और बैग में कितने के जेवर थे, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस रात से ही अज्ञात लुटेरों के बारे में जानकारी जुटा रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी।
हाईवे पर दहशत
नेलसनार से भैरमगढ़ के बीच का यह मार्ग चौबीस घंटे व्यस्त रहता है। ऐसे रास्ते पर शाम के वक्त हुई लूट से आने जाने वालों में डर का माहौल है। लोगों को चिंता है कि जब हाईवे पर ही वाहन रोककर चाकू के दम पर लूट हो सकती है तो रोजाना सफर करने वाले कितने सुरक्षित हैं।