भोपाल की जेके, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी और अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में 21 बम और जौहर के बाद सीरियल ब्लास्ट की चेतावनी दी गई, पुलिस जांच में जुटी।
भोपाल। भोपाल की जेके मेडिकल यूनिवर्सिटी, एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, जेके हॉस्पिटल और एलएन मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया और कैंपस के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
सुबह ईमेल से मिली धमकी
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे यूनिवर्सिटी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। इसमें दावा किया गया कि परिसर में करीब 21 बम लगाए गए हैं और दोपहर 1:30 बजे जौहर की नमाज के बाद सीरियल ब्लास्ट किए जाएंगे।
अस्पताल और कैंपस में अफरा-तफरी
धमकी मिलने के बाद जेके हॉस्पिटल की दोनों बिल्डिंगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर स्टाफ और मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया और सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीम बैग और संदिग्ध वस्तुओं की जांच कर रही है।

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
बताया जा रहा है कि इससे पहले पीपल्स यूनिवर्सिटी, नापतौल कार्यालय और एम्स अस्पताल को भी इसी तरह की बम धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अब तक इन मामलों में धमकी देने वालों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी संबंधित संस्थानों में निगरानी बढ़ा दी गई है।