भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की निर्माणाधीन भोपाल मेट्रो में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि उस समय जुड़ गई, जब आंरेज मेट्रो के भूमिगत परियोजना के हिस्से में सुरंग निर्माण का कार्य शुरू हो गया।
इसके लिए अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन यानि टीबीएम दुर्गावती को जमीन के भीतर उतारा और खुदाई शुरू की। इस मौके पर एमपीएमआरसीएल, कल्पतरु प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड एवं जनरल कंसलटेंट के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थिति रहे।
इस दौरान उपस्थित मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने इस उपलब्धि के लिए परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति को बनाए रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि समयबद्ध और सुरक्षित रूप से परियोजना पूर्ण हो सके और आम नागरिकों को भी परेशानी ना हो।
24 मीटर गहराई में उतारा मशीन
भोपाल मेट्रो के जनसंपर्क अधिकारी धीरज शुक्ला ने बताया कि टीबीएम दुर्गावती को विशेष लॉन्चिंग शाफ्ट के माध्यम से जमीन से नीचे लगभग 24 मीटर की गहराई में सफलतापूर्वक उतारा गया है, जहां से आज से सुरंग निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। दुर्गावती एक अत्याधुनिक टनल बोरिंग मशीन है, जिसे विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में सुरक्षित, तेज़ एवं सटीक खुदाई के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसके उपयोग से निर्माण कार्य में गति आएगी। बता दें कि रानी कमलापति स्टेशन पर भी भूमिगत रास्ता निर्माण के लिए भी टीबीएम का उपयोग किया गया था।
भोपाल मेट्रो में ‘दुर्गावती’ से सुरंग खुदाई शुरू, जमीन के नीचे उतरी हाईटेक TBM मशीन#Bhopal #metro #durgawati #mpnews pic.twitter.com/WesgC1JNd9
— Swadesh स्वदेश (@DainikSwadesh) March 30, 2026
शुक्ला ने बताया कि हमारा प्रयास है कि भोपाल मेट्रो परियोजना, शहर को आधुनिक, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्रदान करने की दिशा में प्रयासरत है। टीबीएम दुर्गावती के शुभारंभ के साथ ही परियोजना के निर्माण में हम मील का पत्थर हासिल कर सकते हैं।