भोपाल के ईरानी डेरा में काम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस पर हमला हुआ। 26 पुरुष और 8 महिलाएं गिरफ्तार, नकदी, मोबाइल और जेवरात जब्त
एक लाख 35 हजार रुपए नकदी और 39 मोबाइल जांच के लिए जब्त
राजधानी के चर्चित ईरानी डेरा क्षेत्र में डेढ़ महीने के भीतर दूसरी बार काम्बिंग गश्त के बाद पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस को आधा दर्जन से अधिक महिलाओं और दो दर्जन से ज्यादा पुरुषों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 26 पुरुषों और आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया। वहीं पूरी काम्बिंग गश्त के दौरान कुल 39 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
चार माह में चौथी बार पुलिस पार्टी पर हमला
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि काम्बिंग गश्त के लिए विशेष योजना तैयार की गई थी। डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान 10 एसीपी स्तर के अधिकारी, 16 निरीक्षक सहित करीब 400 पुलिसकर्मियों का भारी बल अमन कॉलोनी क्षेत्र में तैनात किया गया था।
400 पुलिसकर्मियों के साथ हुई दबिश
कार्रवाई लीक न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन बंद कराकर जमा कराए गए थे। करीब दो घंटे चली ताबड़तोड़ दबिश के दौरान पुलिस पार्टी पर हमला करने वालों में आधा दर्जन से अधिक वृद्ध भी शामिल थे।
पुलिस ने सादिक अली पिता रायत अली (28), काजी पिता बाबू खान (65), रहमान पिता इमदाद (45), गुलाब नबी पिता अख्तर अली (36), मोहम्मद अली उर्फ साबिर हुसैन पिता मेहमूद अली (51), सरू उर्फ यूसुफ अली पिता मुकद्दर अली (60), मुख्तार खान उर्फ मुकद्दर मिर्जा पिता मिर्जा यूसुफ अली (51), बाकर अली पिता शब्बीर अली (20), वसीम खान पिता यासीन खान (37), शब्बीर अली पिता अख्तर अली (28), सज्जाद हुसैन पिता शब्बीर हुसैन (42), मिर्जा उर्फ पिल्लू पिता यूसुफ अली (71), जावेद अली उर्फ ईशा पिता नोसाद अली उर्फ नबा अली (46), शब्बीर अली पिता जाफर अली (51), जाकिर हुसैन पिता रफीक हुसैन उर्फ अजिया अली (34), शब्बीर अली उर्फ एपी पिता सिकंदर अली (40), जहीर अली पिता नादिर अली (50), रायत अली पिता शौकत अली (55), हसनैन अली पिता अख्तर अली (23), जाफर अली उर्फ मिच्चा पिता मुख्तार अली (31), नबी हसन उर्फ नबलू पिता शेर खान (21), अब्बास अली उर्फ अब्बासी पिता जाकिर अली (48), सफदल अली उर्फ सबदर अली पिता गुलाम अली (32), हसन अली पिता शोरा अली (23), मोहम्मद अली उर्फ टिड्डा पिता गुलाम अली (32), शहादत हुसैन उर्फ शादाब पिता फतेह उल्ला आसिक अली (43), हैदर अली उर्फ जब्बर अली उर्फ जाफरी (32), शब्बीर खान उर्फ शब्बे पिता शाबिर खान (35), अमजद अली उर्फ गब्बर पिता दादू अली (51), मुजायद उर्फ मुजाहिद पिता नादर अली उर्फ मिर्जा अली (56) और जाकिर हुसैन पिता खान जमाल (52) को गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पुलिस ने आठ महिलाओं- जायदा बी पति शेरदिल (60), मरियम पति फजल हुसैन (40), फतीम बी पति ईशा अली (40), बानो अली पन्नी पति जाकिर अली (60), खुशनूर पति अख्तर अली (60), राबिया पति दादू अली (50), मरियम पति जाकिर अली (30) और नाजमा पति हबीब अली (35) को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी अमन कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप स्थित ईरानी डेरा क्षेत्र के निवासी हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान 1 लाख 35 हजार रुपए नकद, 39 मोबाइल फोन, 17 दोपहिया वाहन और करीब एक करोड़ रुपए के जेवरात बरामद किए गए हैं। एनडीपीएस एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने पर कुल 31 पुरुषों और आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर विरोध
छापेमारी के बाद एक वीडियो बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें मौलाना यासूब अब्बास का नाम लिखा हुआ है। करीब एक मिनट 24 सेकंड के इस वीडियो में पुलिस पर धार्मिक स्थल में घुसकर जबरन आतंक मचाने के आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में मौलाना यासूब अब्बास ने कहा है कि वे इस मामले को लेकर ऑल इंडिया शिया मसाइल बोर्ड के लीगल सेल के चेयरमैन के स्तर पर कार्रवाई करेंगे।