भोपाल के होटल रूम 203 में पत्नी ने सोते पति पर ब्लेड से हमला किया। मेट्रोमोनियल शादी के बाद बढ़ा विवाद, पुलिस जांच में जुटी।
देश के दिल से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की डरावनी तस्वीर दिखा दी. होटल के एक कमरे में सो रहा पति जब अचानक नींद से जागा तो उसके सामने का दृश्य किसी डरावनी फिल्म से कम नहीं था पत्नी उसके सीने पर बैठी थी और हाथ में ब्लेड। अगले कुछ मिनटों में जो हुआ, उसने पूरे मामले को सनसनीखेज बना दिया
यह मामला भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। घटना होटल कोमल पैलेस के कमरा नंबर 203 में हुई। घायल पति का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेट्रोमोनियल साइट से शुरू हुई कहानी
गोपाल नगर निवासी 30 वर्षीय ललित राजपूत की पहचान एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट के जरिए देनंदनी तोमर से हुई थी। बातचीत आगे बढ़ी, रिश्ते तय हुए और 17 मई 2025 को दोनों ने सीहोर के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली.ललित पुणे की एक आईटी कंपनी में काम करता है, जबकि देनंदनी शाजापुर जिला अस्पताल में नर्स के पद पर काम करती थी.शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। ललित का आरोप है कि विवाह के बाद से ही विवाद बढ़ने लगे थे और पैसों को लेकर भी कई बार झगड़े हुए।
उस रात क्या हुआ…
7 मार्च को देनंदनी भोपाल के आनंद नगर इलाके में ललित से मिलने आई थी। ललित ने उसे होटल कोमल पैलेस के कमरा नंबर 203 में रुकवा दिया.शाम को ललित घर से खाना और दवा लेकर होटल पहुंचा. उसने पत्नी से कहा कि वह खाना खाकर आया है इसलिए उसके लिए कुछ ऑर्डर न किया जाए। बस यहीं से विवाद शुरू हुआ.बताया जाता है कि बात इतनी बढ़ी कि रात भर दोनों के बीच झगड़ा चलता रहा। देर रात तक कमरे में तनाव का माहौल बना रहा।
सुबह का खौफनाक मंजर
ललित के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे उसे थोड़ी देर के लिए नींद आ गई। लेकिन सुबह लगभग 7 बजे उसकी नींद अचानक खुली.जैसे ही उसने आंखें खोलीं, वह सन्न रह गया.उसने देखा कि उसकी पत्नी उसके सीने पर बैठी हुई है और हाथ में ब्लेड है. घबराकर जैसे ही वह उठने की कोशिश करता है, आरोप है कि देनंदनी उसकी कलाई पर ब्लेड से वार कर देती है। ललित खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन इसी दौरान उसके पेट पर भी ब्लेड से हमला कर दिया जाता है।
बाथरूम तक पीछा, फिर सिर पर कांच का गिलास
घायल हालत में ललित किसी तरह उठकर बाथरूम की ओर भागता है। लेकिन आरोप है कि देनंदनी वहां भी पीछे पहुंच गई.वहां उसने कांच का गिलास उठाकर ललित के सिर पर मार दिया.ललित का कहना है कि हमले के दौरान देनंदनी लगातार धमकी दे रही थी “आज तुझे खत्म कर दूंगी, कब तक बचता रहेगा।”
अस्पताल तक किया पीछा
घटना के बाद ललित को अस्पताल पहुंचाया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद देनंदनी भी अस्पताल पहुंच गई।वहां ललित की बहन मौजूद थी। परिवार का कहना है कि जब उसे मिलने से रोका गया तो उसने बहन को भी धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि होटल में मौजूद सीसीटीवी फुटेज और सामने आए वीडियो से घटना की पूरी सच्चाई क्या सामने आती है.रिश्तों की शुरुआत जिस वेबसाइट से हुई थी, वह अब एक खौफनाक केस में बदल चुकी है.और भोपाल का होटल रूम नंबर 203 इस कहानी का सबसे डरावना अध्याय बन गया।