भोपाल के पटेल नगर स्थित अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया, वाहन फोड़े। तीन पुलिसकर्मी घायल, कई हिरासत में।
भोपाल के एक निजी अस्पताल में युवक की मौत के बाद बुधवार को हालात अचानक बिगड़ गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों के कांच तोड़ दिए गए और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए.घटना के बाद पुलिस ने मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। पूरे मामले में बलवा और शासकीय कार्य में बाधा जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
मरीज से मिलने नहीं दिया, परिजन भड़के
घटना भोपाल के पटेल नगर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल की है.परिजनों के मुताबिक युवक को चक्कर आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि सामान्य समस्या के बावजूद उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया गया.परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन इलाज को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा था। आखिरी समय में किसी को भी मरीज से मिलने नहीं दिया गया। इसी बात को लेकर परिवार के लोगों को शक हुआ और अस्पताल स्टाफ से कहासुनी शुरू हो गई।
हंगामा बढ़ा तो अस्पताल में तोड़फोड़
स्टाफ के साथ बहस के बाद माहौल गर्म हो गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ भी की.इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाने और थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई.कुछ ही देर में लोगों ने पुलिस पर ही पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल
पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरक्षक हेमंत और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र को कान में चोट आई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी को हल्की चोट लगी.गोविंदपुरा थाने के प्रभारी अवधेश सिंह तोमर की सरकारी बोलेरो का कांच भी टूट गया। पुलिस के एक अन्य वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया.बताया जा रहा है कि तीन दिशाओं से पथराव किया गया और करीब 50 से ज्यादा लोग इसमें शामिल थे।
कार्डिएक अरेस्ट से मौत, जांच जारी
पिपलानी थाना प्रभारी चंद्रिका यादव के मुताबिक मृतक की पहचान लक्ष्मण बंशकार के रूप में हुई है, जो आदमपुर छावनी का रहने वाला था और मजदूरी करता था.उसे चक्कर आने के बाद अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया है.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।
वीडियो से आरोपियों की पहचान
हंगामा करीब एक घंटे तक चला. हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा और आसपास के थानों की फोर्स भी बुलानी पड़ी.पुलिस का कहना है कि घटना के वीडियो खंगाले जा रहे हैं और जिन लोगों की पहचान हो रही है, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।