भोपाल में 19 मार्च से 18 अप्रैल 2026 तक दशहरा मैदान में हिंदू नव वर्ष मेला महोत्सव का भव्य आयोजन होगा, जिसमें धर्म, संस्कृति, व्यापार और रोजगार का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
भोपाल इस बार हिंदू नव वर्ष का स्वागत कुछ अलग अंदाज़ में करने जा रहा है। सिर्फ कैलेंडर बदलने का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता का बड़ा उत्सव बनने जा रहा है यह आयोजन। टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 19 मार्च से 18 अप्रैल 2026 तक चलने वाला नव वर्ष मेला महोत्सव शहरवासियों के लिए यादगार साबित हो सकता है। महानगर मेला उत्सव समिति के बैनर तले आयोजित इस महोत्सव में धर्म, शिक्षा, रोजगार, व्यापार और पारिवारिक मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों का दावा है कि ऐसा आयोजन भोपाल में पहले कभी नहीं हुआ।
धर्म और संस्कृति का केंद्र बनेगा मेला परिसर
समिति के अध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के संदेश ‘एक लोटा जल, हर समस्या का हल’ पर आधारित है। उद्देश्य साफ है सकल हिंदू समाज को वैदिक विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों से जोड़ना। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन 501 बटुकों द्वारा स्वस्तिवाचन पाठ के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। पंडित प्रदीप मिश्रा की ओर से शिवलिंग स्थापना की जाएगी। मेला परिसर में स्थापित शिवलिंग पर श्रद्धालु प्रतिदिन जलाभिषेक कर सकेंगे, यह व्यवस्था पूरे मेले के दौरान रहेगी।
हर दिन अलग अनुभव, हर शाम आरती
महोत्सव का हर दिन एक नई अनुभूति देने की कोशिश करेगा। प्रतिदिन मां दुर्गा की विधिवत पूजा और संध्या आरती आयोजित होगी। साथ ही महिषासुर मर्दिनी का सामूहिक पाठ भी किया जाएगा।
-
प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सुंदरकांड का सामूहिक पाठ
-
राम नवमी पर विशेष हवन-पूजन और राम नाम जाप
-
विभिन्न तिथियों पर धार्मिक अनुष्ठान और आध्यात्मिक कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार कई प्रतिष्ठित धर्माचार्यों और कथावाचकों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सत्संग का लाभ मिल सके। यह आयोजन सिर्फ धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा। मेला परिसर में ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट, बैंकिंग, होम अप्लायंस, कपड़े, कॉस्मेटिक और फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यानी पूजा के बाद खरीदारी और फिर स्वादिष्ट व्यंजन पूरा परिवार एक साथ समय बिता सकेगा। एक एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को वाहन खड़ा करने में परेशानी ना हो।
डिजिटल अंदाज़ में नव वर्ष का स्वागत
आधुनिकता का स्पर्श भी इस मेले की खासियत रहेगा। कार्यक्रम में भाग लेने वालों को ई-सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। क्यूआर आधारित डिजिटल पत्र और बुकलेट उपलब्ध होंगी, जिन्हें मोबाइल से डाउनलोड किया जा सकेगा। हिंदू नव वर्ष सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा, जहां सांस्कृतिक और धार्मिक थीम पर आधारित विशेष फोटो फ्रेम रहेंगे। क्यूआर कोड स्कैन कर लोग कार्यक्रम की दैनिक रूपरेखा, सोशल मीडिया लिंक और लाइव अपडेट भी देख सकेंगे।