भोपाल में 621 इलाकों में गाइडलाइन बढ़ाने का प्रस्ताव, जनप्रतिनिधियों ने जताया विरोध। वहीं बिजली दरों में 10.2% बढ़ोतरी पर 23 से जनसुनवाई
राजधानी भोपाल के कुल 621 विशेष क्षेत्रों में जमीनों के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव है। शनिवार को हुई जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया। गाइडलाइन बढ़ने के बाद प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। हालांकि, गाइडलाइन बढ़ाने को लेकर जनप्रतिनिधियों की नाराजगी भी सामने आई है। उनका कहना है कि पिछली बार ही कई क्षेत्रों के दाम बढ़ाए गए थे, ऐसे में इस बार यह प्रस्ताव नहीं लाया जाना चाहिए।
कलेक्टोरेट के मीटिंग हॉल में जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति की बैठक हुई। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के सदस्य और विधायक भगवानदास सबनानी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रमोद राजपूत भी मौजूद थे।
भोपाल में चार उप पंजीयक कार्यालय
बैठक में वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित गाइडलाइन दरों पर चर्चा करते हुए संपदा पोर्टल से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। ग्राम एवं नगर निवेश द्वारा स्वीकृत अभिन्यास, औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति, नव विकसित क्षेत्रों तथा सघन व्यावसायिक क्षेत्रों की समीक्षा कर बाजार मूल्य निर्धारण के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया गया।
पिछले साल 1307 जगहों पर मिले थे सुझाव
वर्ष 2025-26 के पंजीयन डेटा के विश्लेषण में उच्च मूल्य के दस्तावेजों के कारण 1307 लोकेशन की दरों में वृद्धि के सुझाव प्राप्त हुए थे। समीक्षा के दौरान एक ही वार्ड की आसपास की कॉलोनियों में दरों के अत्यधिक अंतर को देखते हुए 203 लोकेशन, पंजीयन अधिकारियों के सर्वे के आधार पर 91 लोकेशन और नवीन विकास (चेंज डिटेक्शन) के कारण 37 लोकेशन में दर वृद्धि प्रस्तावित की गई।
जिले में अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों का पंजीयन उप पंजीयक कार्यालयों में किया जाता है। जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल शहर में चार उप पंजीयक कार्यालयों के माध्यम से पंजीयन कार्य संचालित किया जा रहा है। पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाने के लिए संपदा 2.0 का नया इलेक्ट्रॉनिक संस्करण प्रभावी किया गया है।संपदा 2.0 प्रणाली के अंतर्गत पंजीयन से पूर्व संपत्तियों का चयन वास्तविक स्थल निरीक्षण तथा जियो टैगिंग (अक्षांश-देशांतर आधारित फोटो) के माध्यम से किया जाता है, जिससे संपत्ति का सत्यापन अधिक सटीक एवं पारदर्शी बन सके।
इस वजह से गाइडलाइन बढ़ाने का प्रस्ताव
टीएंडसीपी से अभिन्यास स्वीकृति एवं आमजन सुविधा के कारण 38 लोकेशन, नए राष्ट्रीय राजमार्ग, बायपास और रिंग रोड के प्रभाव से 18 लोकेशन तथा नए औद्योगिक एवं विशेष आर्थिक क्षेत्रों की स्थापना के कारण कुछ लोकेशन प्रभावित पाई गईं। इस प्रकार जिले की कुल 621 लोकेशनों में दर वृद्धि परिलक्षित हुई है। इनमें कोलार रोड, अयोध्या बायपास, रायसेन रोड, भोपाल बायपास के अलावा कई पॉश इलाके भी शामिल हैं, जहां रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है।
प्रस्ताव संपदा पोर्टल पर किए जाएंगे अपलोड
प्रारंभिक प्रस्ताव संपदा पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। वरिष्ठ जिला पंजीयक एवं जिला मूल्यांकन समिति ने उप पंजीयकों को निर्देश दिए हैं कि संपदा 2.0 पोर्टल में त्रुटिरहित प्रविष्टियां सुनिश्चित करें तथा नियमानुसार व्यवहारिक प्रारूप तैयार करें। आम नागरिकों से भी प्रारंभिक प्रस्तावों पर सुझाव संपदा 2.0 पोर्टल (https://sampada.mpigr.gov.in) के माध्यम से आमंत्रित किए जाएंगे।