भोपाल कन्वर्जन और ज्यादती मामले में गिरफ्तार अमरीन और आफरीन के कनेक्शन ईरानी डेरे से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सामने आए कन्वर्जन और ज्यादती के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए कनेक्शन सामने आते जा रहे हैं। बागसेवनिया थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई सगी बहनें अमरीन और आफरीन के संबंध अब भोपाल के ईरानी डेरे से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार दोनों बहनें मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली हैं और करीब दो दशक पहले उनका परिवार भोपाल आकर बस गया था। शुरुआती दौर में परिवार सामान्य जीवन जी रहा था, लेकिन बाद में हालात बदले और मामला अपराध की दुनिया तक जा पहुंचा।
भोपाल आने की कहानी
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरीन और आफरीन के पिता लखनऊ में टेलरिंग का काम करते थे। लगभग बीस साल पहले परिवार रोज़गार की तलाश में भोपाल आकर बस गया.कुछ समय तक सब ठीक चला, लेकिन आर्थिक हालात धीरे-धीरे कमजोर होने लगे। बताया जा रहा है कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान पिता की मौत हो गई। इसके बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया और यहीं से दोनों बहनों का जीवन गलत दिशा में मुड़ता चला गया।
स्पा सेंटर की नौकरी से शुरू हुआ नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक अमरीन मिसरोद थाना क्षेत्र में एक स्पा सेंटर में काम करती थी। उसी ने बाद में अपनी बहन आफरीन को भी वहां नौकरी दिलवाई.जांच अधिकारियों का कहना है कि इसी दौरान दोनों का संपर्क कई रसूखदार लोगों से हुआ। आरोप है कि धीरे-धीरे उन्होंने युवतियों को अपने जाल में फंसाने का तरीका विकसित कर लिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि अमरीन युवतियों को पहले बच्चे संभालने या घरेलू काम के नाम पर अपने घर बुलाती थी.इसके बाद उन्हें कथित तौर पर पार्टियों में ले जाया जाता था। आरोप है कि वहां उन्हें नशे की लत लगाई जाती और बाद में उनका शोषण किया जाता। इसी दौरान धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की कोशिश भी की जाती थी।
दो युवतियों ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में दो हिंदू युवतियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से ज्यादती और देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया.पीड़िताओं का कहना है कि उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाकर शोषण किया गया और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव भी बनाया गया। इस मामले में बागसिवनिया पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब तक अमरीन, आफरीन और चंदन यादव उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर चुकी है.जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चंदन यादव ने अमरीन से प्रेम विवाह किया था और बाद में इस्लाम धर्म अपनाया।
ईरानी डेरे से जुड़े तार
पुलिस को जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि फरार आरोपियों के संपर्क भोपाल के ईरानी डेरे से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि वहीं से कुछ लोगों के माध्यम से अमरीन और आफरीन का संपर्क बढ़ा था.जांच अधिकारी फिलहाल आफरीन के मोबाइल फोन की तलाश कर रहे हैं, क्योंकि उसमें कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
अहमदाबाद कनेक्शन की भी जांच
पुलिस को इस मामले में कुछ और आरोपियों की तलाश है। इनमें अहमदाबाद में रहने वाले यासिर, बिलाल और चानू उर्फ हाशिम रजा के नाम सामने आए हैं.जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित युवतियों को काम दिलाने के बहाने अहमदाबाद ले जाया गया था, जहां उनके साथ कथित तौर पर ज्यादती की गई।