भोपाल। बर्ड फ्लू H5N1 की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन शुक्रवार को भोपाल में देश को समर्पित कर दी गई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसका लोकार्पण किया। मंत्री के मुताबिक बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की यह दुनिया की पहली वैक्सीन है। एक खुराक की कीमत सिर्फ 1 से 2 रुपये रखी गई है, ताकि छोटा मुर्गीपालक भी इसे आसानी से खरीद सके।
चौहान ने बताया कि पहले लोकार्पण दिल्ली से करने की तैयारी थी। लेकिन उन्होंने खुद तय किया कि कार्यक्रम भोपाल में ही होगा, उन वैज्ञानिकों के बीच जिन्होंने यहां दिन रात मेहनत कर वैक्सीन बनाई। इसी मौके पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से नई आधुनिक प्रयोगशाला बनाने की घोषणा भी की। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, यानी निषाद, को उन्होंने देश का कीर्ति स्तंभ बताया।
विदेश में देश की छवि पर सवाल उठाने वालों को जवाब
कार्यक्रम में चौहान ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। बिना नाम लिए उन्होंने राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग विदेश जाकर अपने ही देश को बदनाम करते हैं, वे आज का भारत देखें। उनका कहना था कि संवैधानिक पदों पर बैठकर विदेश में संविधान पर टिप्पणी करना, संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करना और सेना, वैज्ञानिकों व आम लोगों की मेहनत पर सवाल उठाना ठीक नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बने टास्क फोर्स की मदद से हमारे वैज्ञानिकों ने सिर्फ 9 महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन बना ली थीं। अब बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन से भारत की क्षमता एक बार फिर सामने आई है।

पशुपालन को हर साल करीब 56 हजार करोड़ का नुकसान
चौहान ने पशुओं को किसानों के लिए चलता फिरता एटीएम बताया, जिनसे खेती के साथ हर महीने नियमित कमाई होती है। उनके अनुसार देश की जीडीपी में पशुपालन का हिस्सा 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 प्रतिशत है। बीमारियों से होने वाले नुकसान के आंकड़े भी उन्होंने गिनाए। खुरपका मुंहपका रोग से औसतन 22 हजार करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20 हजार करोड़, ब्रुसेलोसिस से 9 हजार 212 करोड़ और भेड़ बकरियों की बीमारी पीपीआर से 4 हजार 683 करोड़ रुपये का नुकसान होता रहा है। सब मिलाकर किसानों और देश को करीब 56 हजार करोड़ रुपये का झटका लगता था। स्वदेशी टीकों से यही नुकसान घटाने की कोशिश है।
2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से ज्यादा प्रकोप
देश में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था। तब 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा। साल 2021 में 9 लाख मुर्गियों की जान गई और इस साल भी 2 लाख मुर्गियां मरीं। चौहान ने बताया कि 2006 से अब तक 500 से ज्यादा प्रकोप आ चुके हैं। इनसे पोल्ट्री कारोबार तो टूटता ही था, संक्रमण के पशुओं और इंसानों तक पहुंचने का खतरा भी रहता था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था। इसके तहत खुरपका मुंहपका से बचाव की 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस पर काबू पा लिया गया है। साल 2022 में लंपी त्वचा रोग से 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार की मौत हो गई थी। तब हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने लंपी प्रोवैकइंड टीका तैयार किया। भोपाल का यही संस्थान गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस 19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके भी बना चुका है।

छुट्टियां छोड़कर महीनों जुटे रहे वैज्ञानिक
चौहान ने वैक्सीन बनाने वाली टीम को असली हीरो कहा। टीम में डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. शामिल हैं। मंत्री के मुताबिक इन वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टी लिए बिना महीनों काम किया।
लैब के सख्त जैव सुरक्षा नियमों के चलते घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन जरूरी था। हर दिन 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और पूरे शोध के दौरान घर में पालतू जानवर रखने की भी इजाजत नहीं थी। चौहान ने इसे सैनिकों जैसी तपस्या बताते हुए वैज्ञानिकों को प्रणाम किया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा और भोपाल की महापौर मालती राय मौजूद रहीं। इनके अलावा राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे, सुश्री छाया और कई पार्षद भी पहुंचे। ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल और बड़ी संख्या में वैज्ञानिक व गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम का हिस्सा बने।