छत्तीसगढ़ के बालोद में तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत में 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत इतनी भयानक थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनके शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
हादसा डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव के पास हुआ। मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) निवासी मुड़खुसरा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
तेज रफ्तार कार ने सामने से मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे तीनों दोस्त बाइक से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक कई फीट दूर जा गिरे। कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में शरीर के अंग अलग हुए
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक युवक का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि दूसरे युवक का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा।तीसरे युवक के शरीर पर भी गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।शनिवार सुबह ग्रामीणों को सड़क किनारे कटे हुए पैर का हिस्सा मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी कब्जे में लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।उन्होंने बताया कि कार सवार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव लौट रहे थे। वहीं बाइक सवार युवक डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे।