भाजपा अवध क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के हरदोई प्रथम आगमन पर रविवार को पार्टी ने स्वागत में पलक-पांवड़े बिछा दिए। सीतापुर-हरदोई सीमा से जिला मुख्यालय तक पार्टी पदाधिकारियों...
Hardoi Bjp: हरदोई आए अवध अध्यक्ष, भाजपा ने बिछाए पलक-पांवड़े, पर सदर विधायक दिखे ’अदृश्य’ |
बृजेश ’कबीर’,हरदोई: भाजपा अवध क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के हरदोई प्रथम आगमन पर रविवार को पार्टी ने स्वागत में पलक-पांवड़े बिछा दिए। सीतापुर-हरदोई सीमा से जिला मुख्यालय तक पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत किया। जिला कार्यालय में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री एवं शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी समेत पार्टी के तमाम नेता मौजूद रहे। हालांकि, जिले में मौजूद होने के बावजूद आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक नितिन अग्रवाल के स्वागत कार्यक्रम में नहीं पहुंचने को लेकर भाजपा के भीतर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
अशोक रावत थे दौरे पर, अशोक अग्रवाल वैष्णो देवी के शरणागत
क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी नेताओं ने सीतापुर-हरदोई सीमा से लेकर जिला मुख्यालय तक अलग-अलग स्थानों पर तैयारियां की थीं। बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, संडीला विधायक अलका अर्कवंशी और एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने सीतापुर-हरदोई सीमा पर अवधेश द्विवेदी का स्वागत किया। सांडी विधायक प्रभाष कुमार ने सीतापुर रोड पर स्वागत किया। वहीं, गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश, सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू और बिलग्राम-मल्लावां विधायक आशीष सिंह आशू जिला मुख्यालय पर स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। सदर सांसद जय प्रकाश रावत ने सीतापुर रोड पर रास्ते में क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। मिश्रिख सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत दौरे के चलते जिले से बाहर थे। एमएलसी अशोक अग्रवाल वैष्णो देवी की यात्रा पर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
सांडी में पूर्व पालिकाध्यक्ष के आहूत जनसंवाद में थे नितिन अग्रवाल
आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक नितिन अग्रवाल की क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को हवा दे दी। उनके जिले में होने (सांडी में पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश चन्द्र गुप्ता के कोल्ड स्टोर में जनसंवाद में उपस्थित रहे) के बावजूद क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। कुछ पार्टी नेताओं ने इसे क्षेत्रीय अध्यक्ष के प्रोटोकॉल से जोड़कर भी देखा।
हमने कार्यक्रम भेजा, पता नहीं हरदोई में थे या नहीं: बब्बन
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने इस मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। कहा, नितिन अग्रवाल के चाचा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल स्वागत कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने कहा, उन्हें जानकारी नहीं है, नितिन अग्रवाल उस दिन हरदोई में थे। जिलाध्यक्ष के अनुसार, कार्यक्रम की सूचना उन्हें भी भेजी गई थी।
85 विधानसभा, 16 लोकसभा सीटों का जिम्मा
अवध क्षेत्र भाजपा के संगठनात्मक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में 85 विधानसभा और 16 लोकसभा सीटें हैं। आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन की रणनीति, चुनावी तैयारियों और प्रत्याशियों के पैनल तैयार करने में क्षेत्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। ऐसे में नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष के पहले दौरे में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की सक्रिय मौजूदगी और एक प्रमुख नेता की गैरमौजूदगी को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं स्वाभाविक है।