मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में खाली पदों पर नियुक्तियों की तैयारी तेज हो गई है। जानिए पहली सूची कब आ सकती है और किन संस्थानों पर सबकी नजर है।
MP Nigam mandal: मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के कई निगमों, मंडलों और प्राधिकरणों में खाली पड़े पदों को भरने की तैयारियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। संगठन और सरकार स्तर पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए संभावित नामों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मानसून सत्र या उपचुनाव के बाद आ सकती है लिस्ट
राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं के अनुसार इन नियुक्तियों की पहली सूची 20 जुलाई से शुरू हो रहे मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले जारी की जा सकती है। यदि ऐसा नहीं होता है, तो फिर दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के बाद ही अंतिम सूची पर मुहर लगेगी। हालांकि सरकार आचार संहिता और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए ही अंतिम निर्णय लेगी।
इन प्राधिकरणों पर टिकी निगाहें
इस बार की सूची में कुछ बड़े और महत्वपूर्ण क्षेत्रों को तवज्जो मिलने की उम्मीद है। सूत्रों की माने तो इंदौर और भोपाल विकास प्राधिकरण, इन दोनों महानगरों के प्राधिकरणों में लंबे समय से खाली पदों पर नियुक्तियां की जा सकती हैं। वही बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों की घोषणा संभव है। तो वही सामाजिक कल्याण बोर्ड, समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधित्व के लिए गठित कई सामाजिक बोर्डों और आयोगों में भी नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है।
नियुक्तियों के बाद रुकी गई थी प्रक्रिया
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में इससे पहले भी कई निगम-मंडलों और आयोगों में नियुक्तियां की जा चुकी हैं। बची हुई सीटों के लिए भी सूची लगभग तैयार थी, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, लेकिन अब एक बार फिर सरकार और संगठन ने पदों को भरने की कवायद शुरू कर दी है।