Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > प्रदेश > मध्य प्रदेश > इन्दौर

Amarnath Yatra 2026: Indore Medical Rush Chaos

अमरनाथ यात्रा 2026: इंदौर में मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए रातभर कतारों में खड़े रहे श्रद्धालु

इंदौर में अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने को लेकर भारी भीड़ और अव्यवस्था देखने को मिली। श्रद्धालु रातभर कतार में खड़े रहे, महिलाओं को ज्यादा परेशानी हुई।


अमरनाथ यात्रा 2026 इंदौर में मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए रातभर कतारों में खड़े रहे श्रद्धालु

इंदौर: श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर इंदौर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक है, लेकिन मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया में भारी अव्यवस्था सामने आई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई लोग अस्पताल खुलने से घंटों पहले ही लाइन में लगने को मजबूर हैं। 

इंदौर के जिला अस्पताल और अन्य निर्धारित चिकित्सा केंद्रों पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है। जानकारी के अनुसार, दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालु रात 11 बजे से ही अस्पताल परिसर में पहुंचकर लाइन में लग रहे हैं। स्थिति यह है कि कई लोग खुले आसमान के नीचे पूरी रात बिताने के बाद सुबह 3 बजे तक अस्पताल के गलियारे तक भर देते हैं। भीड़ अधिक होने के कारण कतारें बेकाबू होती दिख रही हैं और व्यवस्था संभालना मुश्किल हो रहा है।

महिलाओं को ज्यादा परेशानी

भीड़ और लंबी प्रतीक्षा का सबसे ज्यादा असर महिला श्रद्धालुओं पर पड़ रहा है। घंटों लाइन में खड़े रहने के कारण कई महिलाएं वहीं पर नाश्ता करने को मजबूर हो रही हैं। लगातार इंतजार और थकान के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो रही है और कतारों में छोटे-मोटे विवाद भी देखने को मिल रहे हैं।

प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल

श्रद्धालुओं का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने के बावजूद केवल दो डॉक्टरों की तैनाती की गई है, जिससे मेडिकल जांच की प्रक्रिया बेहद धीमी हो गई है। इसके कारण न केवल सर्टिफिकेट जारी करने में देरी हो रही है, बल्कि यात्रा पंजीयन भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि मेडिकल प्रक्रिया को सरल और तेज किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।

 

Related to this topic: