अलीगढ़ के पड़ियावाल गांव में होली पर रंग खेलने को लेकर विवाद हुआ। युवक ने छत से फायरिंग की, दो घायल। पथराव में दरोगा भी घायल।
होली का दिन, गांव में रंग और गुलाल का माहौल था। लेकिन अलीगढ़ के एक गांव में यही रंग अचानक हिंसा में बदल गया। रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ छोटा सा विवाद देखते-देखते इतना बढ़ा कि एक युवक छत पर चढ़ गया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी.फायरिंग से दो लोग घायल हुए, वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर पथराव शुरू कर दिया। हालात संभालने पहुंची पुलिस भी भीड़ के गुस्से का शिकार हो गई, जिसमें एक दरोगा का सिर फट गया।
रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह पूरा मामला अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र के पड़ियावाल गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव में रहने वाले मनीष वार्ष्णेय और कैलाश पड़ोसी हैं.बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दोनों परिवारों की महिलाएं होली खेल रही थीं। इसी दौरान रंग डालने को लेकर कहासुनी हो गई। पहले मामूली तकरार हुई, फिर धीरे-धीरे बात बढ़ती चली गई.कुछ ही देर में दोनों पक्षों के पुरुष भी बहस में कूद पड़े और माहौल गरमा गया।
युवक ने छत से की फायरिंग
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कैलाश अपना आपा खो बैठा। वह दौड़कर अपने घर की छत पर चढ़ गया और वहीं से फायरिंग शुरू कर दी.फायरिंग के छर्रे पड़ोसी मनीष के सीने में जा लगे, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे जसवंत नाम के राहगीर की बांह में भी छर्रे लग गए.गांव में अचानक गोलियों की आवाज गूंजी तो अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और आरोपी के घर को घेर लिया।
ग्रामीणों ने किया पथराव
फायरिंग से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी कैलाश के घर पर पथराव शुरू कर दिया। कुछ लोग गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश भी करने लगे.हालात बिगड़ते देख आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस पर भी बरसे पत्थर, दरोगा घायल
मडराक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को घर से दूर करने लगी। लेकिन भीड़ का गुस्सा कम नहीं हुआ.उल्टा लोगों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में एसएसआई धर्मपाल सिंह के सिर में चोट लगी और वह घायल हो गए.कुछ देर के लिए गांव का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
गांव में पुलिस तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव का माहौल फिलहाल शांत बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सतर्क है.अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच भी की जाएगी।