रायपुर। छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रविवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। बिलासपुर और सक्ती जिले में हुई इस कार्रवाई ने सरकारी दफ्तरों में चल रहे रिश्वतखोरी नेटवर्क पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली कार्रवाई बिलासपुर कलेक्ट्रेट में हुई। जहां ADM कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में हुई, जहां ASI एस.एन. मिश्रा रिश्वत लेते पकड़े गए। दोनों मामलों में चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी पहले ही रिश्वत की पहली किश्त ले चुके थे।
जुर्माना कम कराने के नाम पर मांगी रिश्वत
बिलासपुर के कोटा निवासी होटल संचालक देवेंद्र कश्यप के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही थी। आरोप है कि बाबू विजय पांडेय ने उसे ज्यादा जुर्माने का डर दिखाकर मामला कम कराने के बदले रिश्वत मांगी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने एक लाख रुपए तक जुर्माना लगने की बात कही और 30 हजार रुपए में मामला निपटाने का भरोसा दिया।
इसके बदले उसने 20 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। ACB जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपए के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
ADM कार्यालय में ऐसे बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप प्लान किया। रविवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता को ADM कार्यालय बुलाया। जैसे ही विजय पांडेय ने 15 हजार रुपए लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी रिश्वत लेने की शिकायतें मिल चुकी थीं।
मारपीट केस में राहत दिलाने के बदले मांगे 40 हजार
दूसरा मामला सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना का है। यहां ASI एस.एन. मिश्रा पर मारपीट मामले में कार्रवाई से बचाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा। बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत में बताया कि ASI ने उसके परिवार के खिलाफ दर्ज केस में राहत देने के लिए 40 हजार रुपए मांगे थे। जांच में पता चला कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपए ले चुका था और बाकी रकम लेने की तैयारी कर रहा था।
ढाबे में दूसरी किश्त लेते ही दबोचा गया ASI
ACB ने शिकायत के बाद जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ने आरोपी ASI को चंद्रपुर के गुड्डू ढाबा बुलाया। जैसे ही एस.एन. मिश्रा ने 20 हजार रुपए की दूसरी किश्त ली, ACB टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी जब्त कर ली गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB ने साफ कहा है कि रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।