भोपाल में एबीवीपी ने एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कलेक्टर छात्रों से मिलने पहुंचे, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
भोपाल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) गर्ल्स कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज के बीच संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बैनर और पोस्टर लेकर मौके पर पहुंचे तथा शराब दुकान के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी” और “जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती” जैसे संदेशों वाले पोस्टर प्रदर्शित किए। कई छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए।
भारी पुलिस बल तैनात, तनावपूर्ण रहा माहौल
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया। करीब 200 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी, राइट कंट्रोल व्हीकल और वाटर कैनन भी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र बैरिकेड्स फांदकर आगे बढ़ने का प्रयास करते दिखाई दिए, जबकि कई छात्र सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे।
एक साल से उठाया जा रहा मुद्दा
एबीवीपी भोपाल महानगर मंत्री चरित्र देव तिवारी ने कहा कि परिषद पिछले लगभग एक वर्ष से इस मुद्दे को उठा रही है। उनका कहना है कि दो महीने पहले प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तिवारी ने आरोप लगाया कि एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज के बीच स्थित शराब दुकान छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र मुख्यमंत्री आवास, प्रभारी मंत्री निवास, कलेक्टरेट और पुलिस मुख्यालय के मार्ग पर स्थित है, इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
प्रशासन पर लगाए आरोप
विद्यार्थी परिषद के प्रांत संयोजक शिवम जाट ने कहा कि बार-बार ज्ञापन और निवेदन के बावजूद प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उनके अनुसार परिषद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन कर रही है और वर्तमान प्रदर्शन आंदोलन का तीसरा चरण है, उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है और प्रशासन का रवैया सवालों के घेरे में है।
कलेक्टर पहुंचे प्रदर्शन स्थल
प्रदर्शन के बीच भोपाल कलेक्टर छात्रों से मिलने मौके पर पहुंचे। छात्र प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के सामने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और कहा कि फ्लाईओवर के आसपास अक्सर नशे की हालत में लोग दिखाई देते हैं, जिससे विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है छात्रों ने मांग की कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित शराब दुकानों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।