Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > विदेश

Tibet Flood Hits Nepal Alert in Bihar

Flood In Nepal: तिब्बत से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही, बिहार के 8 जिलों में अलर्ट

चीन के तिब्बत से अचानक आई बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले में भारी तबाही मचाई है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने से घर, बाजार, पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट प्रभावित हुए। बिहार के 8 जिलों में भी अलर्ट है।


flood in nepal तिब्बत से आई बाढ़ ने नेपाल में मचाई तबाही बिहार के 8 जिलों में अलर्ट

Massive Flood In Nepal |

विदेश। नेपाल के रसुवा जिले में चीन के तिब्बत से अचानकर आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाकों में भोटेकोशी नदी का पानी तेजी से बढ़ने के बाद कई घर, बाजार, और दूसरी संपत्तियाँ प्रभावित हुईं। तेज बहाव में वाहन और सामान बह गए। वहीं, एक पुल भी टूट गया।

टिमुरे बॉर्डर पोस्ट पर तैनात कई पुलिसकर्मी लापता

बाढ़ के बाद अब तक 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं, 41 से अधिक सुरक्षाकर्मी लापता बताए जा रहे हैं। इसमें टिमुरे बॉर्डर पर तैनात 9 पुलिसकर्मियों से संपर्क नहीं हो पाया है। उन्हें लापता बताया जा रहा है। वहीं, बॉर्डर पोस्ट पर मौजूद 25 से 30 अन्य लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है।

हेलिपेड बहने से रेस्क्यू हेलिकॉप्टर लौटा

टिमुरे में फंसे लोगों को निकालने के लिए भेजा गया हेलिकॉप्टर सुरक्षित लैंडिंग की जगह नहीं मिलने के कारण काठमांडू लौट आया। बाढ़ के पानी में स्थानीय हेलिपेड बह गया था। पायलट के अनुसार, ऊपर से देखने पर टिमुरे गांव का बड़ा हिस्सा नजर नहीं आ रहा था। त्रिशूली नदी का पानी भी अचानक तेजी से बढ़ गया।

हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान

अचानक आई बाढ़ से रसुवा में एक हाइ़ड्रोपावर प्रोजेक्ट बह गया। चिलिमे जलविद्युत परियोजना समेत कई दूसरी परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है।

ग्लेशियर झील फटने का शक

रसुवा में पिछले 24 घंटे में 7 मिमी से ज्यादा बारिश नहीं हुई है। ऐसे में अधिकारियों को आशंका है कि स्थानीय बारिश के बजाए तिब्बत में ग्लेशियल झील फटने से अचानक पानी भोटेकोशी नदी में आया। ICIMOD-UNDP की 2020 की स्टडी के अनुसार, भोटेकोशी बेसिन में 122 ग्लेशियल झीलें हैं। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि इनमें से कौन सी झील फटी। सैटेलाइट इमेज और तकनीकी जांच के जरिए पानी के स्त्रोत का पता लगाया जा रहा है।

क्या होता है GLOF

ग्लेशियल झीलों के सामने बर्फ, मिट्टी, पत्थर और मलबे से प्राकृतिक बांध जैसी संरचना बन जाती है। इसके कमजोर पड़ने या टूटने पर झील का पानी अचानक नीचे की ओर बहने लगता है। इसे ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी GLOF कहा जाता है।

बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट

नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और खतरा बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

सेना और सुरक्षाबल राहत कार्य में लगाए गए

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने रसुवा के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को भेजा जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ भेजने की तैयारी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

त्रिशूली नदी में भी बाढ़ का खतरा

भोटेकोशी में पानी बढ़ने के बाद त्रिशूली नदी में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा और चितवन में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। लोगों से नदी में जाने, मछली पकड़ने और नदी किनारे काम करने से बचने की अपील की गई है।

पिछले साल भी आई थी भोटेकोशी में बाढ़

भोटेकोशी नदी में तिब्बत से निकलकर नेपाल में प्रवेश करती है और आगे सुनकोशी नदी में मिल जाती है। सुनकोशी आगे चलकर सप्तकोशी यानी कोसी नदी बनती है। जो भारत के बिहार में प्रवेश करती है। पिछले साल भी आई इस बाढ़ से नेपाल में भारी नुकसान हुआ था। उस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई थी और 24 लोग लापता हुए थे। नेपाल और चीन को जोड़ने वाला फ्रेंडशिप ब्रिज भी बाढ़ में बह गया था। इससे दोनों देशों के बीच सड़क संपर्क और व्यापार कई महीनों तक प्रभावित रहा।

Related to this topic: