लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक आमिर हमजा पर फायरिंग। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, हमले की जांच जारी।
लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक आमिर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी। हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
न्यूज चैनल ऑफिस के बाहर हुई फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला एक न्यूज चैनल के दफ्तर के बाहर हुआ। हमलावरों की पहचान और हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।
एक साल में दूसरा हमला
यह पहली बार नहीं है जब आमिर हमजा पर हमला हुआ हो। इससे पहले भी पिछले साल मई में उनके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई थी। उस समय भी वह घायल हुए थे और बाद में उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। आमिर हमजा का नाम लंबे समय से आतंकी गतिविधियों से जुड़ा रहा है। वह हाफिज सईद का करीबी माना जाता है और संगठन के प्रचार, फंडिंग और नेटवर्क विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा चुका है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घोषित आतंकी
आमिर हमजा को साल 2012 में अमेरिका ने वैश्विक आतंकी घोषित किया था। उसे भारत के खिलाफ कई आतंकी हमलों से भी जोड़ा गया है, जिनमें जम्मू-कश्मीर के सुंजवां हमले का जिक्र प्रमुख है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2018 में संगठन में फंडिंग विवाद के बाद आमिर हमजा ने खुद को अलग कर लिया था और एक नया संगठन खड़ा किया था। हालांकि, उसके नेटवर्क और संपर्कों को लेकर अब भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क बनी हुई हैं।
जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
हमले के बाद स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।