अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान ने भारतीय जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी। फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच भारत से जुड़े समुद्री यातायात को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने भारतीय जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दे दी है। हालांकि इसी दौरान फारस की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। सूत्रों के हवाले से बताया कि जिन जहाजों का संबंध अमेरिका या इजराइल से नहीं है, उन्हें इस समुद्री मार्ग से गुजरने दिया जाएगा। इसी कारण फिलहाल भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया गया है।
होर्मुज स्ट्रेट को लेकर पहले दी गई थी चेतावनी
इससे पहले ईरान ने चेतावनी दी थी कि यदि क्षेत्रीय तनाव बढ़ता है तो होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर हमला किया जा सकता है। यह जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और दुनिया के बड़े हिस्से का तेल व्यापार इसी रास्ते से गुजरता है। भारतीय जहाजों को अनुमति मिलने से भारत के ऊर्जा आयात और व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को फिलहाल राहत मिली है।
अमेरिकी तेल टैंकर पर हमला, एक भारतीय की मौत
बुधवार रात फारस की खाड़ी में ‘सेफसी विष्णु’ नाम के एक तेल टैंकर पर हमला हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक यह जहाज मार्शल आइलैंड के झंडे के तहत संचालित हो रहा था। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार हमले में आत्मघाती नाव (सुसाइड बोट) का इस्तेमाल किया गया। इस घटना में जहाज पर मौजूद एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि अन्य 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतक भारतीय की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हमले के बाद जहाज में आग लगने की भी खबर सामने आई, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे किस संगठन या देश का हाथ था।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा सैन्य तनाव
फारस की खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में पिछले लगभग दो सप्ताह से सैन्य गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। इस दौरान कई जगहों पर हमलों और जवाबी कार्रवाई की घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच लेबनान की राजधानी बेरूत के आसपास भी इजराइल ने ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर हमला किया। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस हमले में कई लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने की सूचना है।

अमेरिका में संभावित हमले की चेतावनी
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एजेंसी ने आशंका जताई है कि ईरान अमेरिका के पश्चिमी तट के पास किसी अज्ञात जहाज से ड्रोन हमले की कोशिश कर सकता है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल इस खतरे को पूरी तरह विश्वसनीय नहीं माना गया है और चेतावनी एहतियात के तौर पर जारी की गई है।