ईरानी सरकारी चैनल पर लाइव शो में एंकर ने AK-47 से UAE के झंडे पर फायरिंग की, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान के सरकारी टीवी चैनल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लाइव टेलीकास्ट के दौरान स्टूडियो में मौजूद एंकर ने AK-47 राइफल से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के झंडे की ओर फायरिंग कर दी। घटना के बाद खाड़ी देशों और ईरान के रिश्तों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
दरअसल, यह मामला ईरान के सरकारी स्वामित्व वाले ओफोग टीवी चैनल से जुड़ा बताया जा रहा है। चैनल पर हथियारों की ट्रेनिंग से जुड़ा एक विशेष कार्यक्रम प्रसारित किया जा रहा था। इसमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एक नकाबपोश कमांडर को स्टूडियो में बुलाया गया था।
लाइव शो में दी गई हथियार चलाने की ट्रेनिंग
कार्यक्रम के दौरान कमांडर ने दर्शकों को AK-47 असॉल्ट राइफल के इस्तेमाल का डेमो दिखाया। लाइव प्रसारण में राइफल लोड करने से लेकर उसे चलाने तक की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से सरकार समर्थक रैलियों में लगाए गए विशेष कैंपों में जाकर हथियार प्रशिक्षण लेने की अपील भी की गई। प्रसारण के आखिरी हिस्से में माहौल अचानक और उग्र हो गया।
स्टूडियो में मौजूद एंकर ने खुद राइफल उठाई और पहले ऊपर की ओर फायर किया। इसके बाद कैमरे के सामने लगे UAE के झंडे की दिशा में गोली चलाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।
ईरानी चैनलों पर बढ़ा सैन्य माहौल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल के दिनों में ईरान के कई सरकारी चैनलों पर युद्ध जैसे माहौल वाले कार्यक्रम बढ़ गए हैं। न्यूज एंकर हाथों में असॉल्ट राइफल लेकर लाइव शो कर रहे हैं और देश की सैन्य तैयारियों पर चर्चा दिखाई जा रही है। एक अन्य चैनल पर ईरानी एंकर मोबिना नसिरी भी राइफल के साथ लाइव नजर आईं। उन्होंने ऑन-एयर कहा कि जरूरत पड़ने पर वे देश के लिए अपनी जान देने को तैयार हैं। इन कार्यक्रमों को ईरान में बढ़ते राष्ट्रवादी अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
होर्मुज क्षेत्र में बढ़े तनाव का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हैं और दोनों पक्षों की ओर से सख्त बयानबाजी भी जारी है। ईरानी अधिकारियों ने हाल में चेतावनी दी थी कि अगर अमेरिका के साथ बातचीत विफल होती है तो हालात सीधे सैन्य टकराव तक पहुंच सकते हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी कहा था कि कूटनीति नाकाम होने की स्थिति में तेहरान हर विकल्प के लिए तैयार है।
सोशल मीडिया पर तेज प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स इसे राजनीतिक संदेश बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने लाइव टीवी पर इस तरह के प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई है। मिडिल ईस्ट में पहले से जारी तनाव के बीच इस घटना ने क्षेत्रीय राजनीति को लेकर नई चर्चाओं को हवा दे दी है।