Home > विदेश > रवांडा में खुलेगा भारतीय दूतावास, भारत और रवांडा के बीच हुए 8 समझौते

रवांडा में खुलेगा भारतीय दूतावास, भारत और रवांडा के बीच हुए 8 समझौते

रवांडा में खुलेगा भारतीय दूतावास, भारत और रवांडा के बीच हुए 8 समझौते
X

नई दिल्ली/किगाली। रवांडा की सरकार के लिए अब भारत सरकार से संपर्क करना आसान हो जाएगा, क्योंकि रवांडा यात्रा पर किगाली पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रवांडा में भारतीय दूतावास स्थापित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही भारत-रवांडा के राजनायिक संबंधों के एक नए युग की शुरूआत होगी। अभी तक पूर्वी अफ्रीकी देश रवांडा में भारतीय दूतावास नहीं है। पड़ोसी देश युगांडा में स्थित भारतीय दूतावास ही रवांडा के लिए भी काम करता है। इस तरह युगांडा में तैनात भारतीय राजदूत ही रवांडा का भी राजदूत होता है। अब तक रवांडा से भारत के राजनयिक संबंध युगांडा स्थित दूतावास से ही होते थे। पीएम मोदी ने रवांडा में भारतीय दूतावास स्थापित करने की घोषणा कर रवांडा सरकार को ये भरोसा दिला दिया कि रवांडा भारत सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण साथी देश है। ज्ञात हो कि भारत के इतिहास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले भारतीय पीएम हैं जो इस पूर्वी अफ्रीकी देश रवांडा की यात्रा पर गए। भारत के पहले प्रधानमंत्री पं. नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक, कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री कभी रवांडा आधिकारिक यात्रा पर नहीं गया।

इसी तरह अब रवांडा में रहने वाले भारतीय समुदाय और रवांडा में कारोबार के सिलसिले में जानेवाले भारतीय कारोबारियों को पासपोर्ट, वीजा, कॉउन्सलर सेवा जैसी तमाम सुविधाओं के लिए पड़ोसी देश युगांडा नहीं जाना होगा। जल्दी ही वे भारत सरकार की सारी सेवाएं रवांडा की राजधानी किगाली में ही पा सकेंगे।

पीएम मोदी सोमवार को रवांडा पहुंचे, जहां रवांडा की राजधानी किगाली के हवाई अड्डे पर रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कागामे ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी की राजकीय आगवानी हुई। प्रधानमंत्री मोदी को रवांडा सेना की टुकड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। रवांडा सरकार के महत्वपूर्ण मंत्री और अधिकारियों ने पीएम मोदी से मुलाकात की। हवाई अड्डे पर ही प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में रवांडा के लोक नृत्यकों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। पीएम मोदी- रवांडा के राष्ट्रपति पॉल कामागे के बीच बैठक हुई। दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिस्तर की वार्ता हुई और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। रवांडा के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के सम्मान में राजकीय भोज दिया। पीएम मोदी ने रवांडा में रह रहे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उनसे मुलाकात की।

रवांडा के बाद 24 जुलाई को ही प्रधानमंत्री मोदी अफ्रीकी देश युगांडा जा रहे हैं। 24-25 जुलाई की अपनी दो दिन की आधिकारिक युगांडा यात्रा के दौरान पीएम मोदी युगांडा के राष्ट्रपति से मुलाकात, वहां के प्रमुख राजनेताओं से मिलना, व्यापार एवं वाणिज्य संबंधी वार्ता एवं युगांडा में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। रवांडा और युगांडा की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री 25-27 जुलाई तक दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर होंगे। अपनी तीन दिवसीय इस आधिकारिक यात्रा के दौरान वे ब्रिक्स समिट-2018 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) ने बताया कि भारत अफ्रीका के साथ घनिष्ठ मैत्रीपूर्ण संबंध साझा करता है जो मजबूत विकास साझेदारी और भारतीय डायस्पोरा की बड़ी उपस्थिति से मजबूत होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में, अफ्रीकी देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में हमारी भागीदारी इसका एक उदाहरण है। यात्रा के दौरान रक्षा, व्यापार, संस्कृति, कृषि और डेयरी सहयोग के क्षेत्रों में कई समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने हैं। पिछले चार वर्षों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के स्तर पर अफ्रीका के 23 आउटगोइंग दौरे हुए हैं। अफ्रीका भारत की विदेश नीति की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। प्रधानमंत्री की रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका की यात्रा अफ्रीकी महाद्वीप के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करेगी।

Updated : 24 July 2018 3:21 PM GMT

Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top