Home > विदेश > रवांडा में खुलेगा भारतीय दूतावास, भारत और रवांडा के बीच हुए 8 समझौते

रवांडा में खुलेगा भारतीय दूतावास, भारत और रवांडा के बीच हुए 8 समझौते




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रवांडा के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने राष्ट्रपति पॉल कागमे के साथ विस्तृत बातचीत की। इसके बाद मंगलवार को दोनों देशों के बीच आठ अहम समझौतों पर दस्तखत किए गए। साथ ही भारत ने 20 करोड़ डॉलर के कर्ज की पेशकश भी की। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।

भारत और रवांडा के जिन आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं उनमें कृषि और पशु संसाधन के क्षेत्र में सहयोग के लिए समझौता में संशोधन भी शामिल है। इसके अलावा रक्षा उद्योग, रक्षा क्षेत्र में क्षमता निर्माण, विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी, साल 2018 से 22 तक सांस्कृतिक आदान-प्रदान, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा,चर्म एवं अनुषंगी क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

इसके अलावा तीन कृषि परियोजनाओं और किगाली विशेष आर्थिक क्षेत्र के लिए 20 करोड़ डॉलर का ऋण मुहैया कराने के लिए दो समझौते किए गए हैं। साथ ही भारत ने रवांडा में उच्चायोग खोलने का निर्णय किया है।

रवांडा में मीडिया को दिए गए संयुक्त बयान में मोदी ने कहा, “ हमलोग रवांडा में एक उच्चायोग खोलने जा रहे हैं। इससे दोनों देशों की संबंधित सरकारों के बीच ना सिर्फ संवाद स्थापित होगा, बल्कि वाणिज्य संबंधी,पासपोर्ट, वीजा के लिए सुविधाएं भी सुनिश्चित होंगी।’'

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और रवांडा के संबंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। मोदी ने कहा, “ यह हमारे लिए गौरव की बात की है कि रवांडा की आर्थिक विकास की यात्रा में भारत उसके साथ खड़ा है। भारत रवांडा के विकास में सहयोग जारी रखेगा।”

राष्ट्रपति कागमे ने अपनी टिप्पणी में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा रवांडा एवं भारत के बीच लंबे समय से कायम मित्रता एवं सहयोग में मील का पत्थर है। इससे रवांडा रवांडा में निवेश बढ़ेगा और आर्थिक विकास की गति तेज होगी।

संसाधान सम्पन्न इस महाद्वीप में भारत की पहुंच कायम करने के इरादे से मोदी अफ्रीका के तीन देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में सोमवार रात रवांडा पहुंचे। मोदी इस पूर्वी अफ्रीकी देश की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं।

प्रधानमंत्री वहां 'जिनोसाइड मेमोरियल' का दौरा करेंगे और कागमे द्वारा शुरू की गई रवांडा की एक राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा योजना 'गिरींका' (प्रति परिवार एक गाय) पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने यहां भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित किया और कहा कि भारतवंशी पूरी दुनिया में अमिट छाप छोड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं जिससे भारत की व्यवस्था पारदर्शी हो रही है।

Updated : 24 July 2018 3:21 PM GMT

Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top