पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर और मगरहाट पश्चिम के 15 बूथों पर दोबारा मतदान शुरू हुआ। EVM छेड़छाड़ और हिंसा के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने री-पोलिंग का फैसला लिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में दूसरे चरण की वोटिंग के बाद उठे EVM छेड़छाड़ और हिंसा के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगरहाट पश्चिम सीट के 15 बूथों पर शनिवार सुबह दोबारा मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।री-पोलिंग का फैसला उन शिकायतों के बाद लिया गया, जिनमें EVM के साथ छेड़छाड़, वोटर्स को मतदान से रोकने और बूथों पर झड़प की बात सामने आई थी। बंगाल चुनाव में रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत के बीच यह मामला अब राजनीतिक रूप से भी बेहद संवेदनशील बन गया है।
इन बूथों पर हो रही दोबारा वोटिंग?
चुनाव आयोग ने मगरहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है।डायमंड हार्बर में जिन बूथों पर वोटिंग हो रही है उनमें बागदा जूनियर हाई स्कूल का बूथ नंबर 117, हरिदेवपुर एफपी स्कूल का बूथ 194, रॉयनगर एफपी स्कूल का बूथ 243 और चंद्र एफपी स्कूल शामिल हैं।मगरहाट पश्चिम में भी कई स्कूलों के बूथों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा के लिए CAPF और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
वोटर्स बोले- पहले वोट नहीं डाल पाए थे
डायमंड हार्बर के बगदा हाई स्कूल में एक महिला मतदाता ने बताया कि 29 अप्रैल को वह 2 से 3 घंटे लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन वोट नहीं डाल सकीं। अब दोबारा मतदान में उन्हें मौका मिला है।कई मतदाताओं ने इस बार व्यवस्था बेहतर होने की बात कही। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से लंबी लाइनें देखी गईं, जिससे साफ है कि लोगों में मतदान को लेकर उत्साह बना हुआ है।
EVM विवाद पर बढ़ी राजनीतिक गर्मी
भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि जिन बूथों पर EVM में गड़बड़ी हुई, वहां री-पोलिंग जरूरी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के चुनाव चिन्ह वाले बटन पर टेप लगाया गया था।वहीं मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया कि बंगाल में इस बार बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की सख्ती के कारण निष्पक्ष मतदान संभव हुआ।दूसरी ओर CPM नेता सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि चुनाव अब लोकतांत्रिक उत्सव के बजाय विवाद का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में चुनावी माहौल पहले जैसा नहीं रहा।
रिकॉर्ड मतदान के बीच बढ़ी सियासी बेचैनी
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर इस बार कुल 92.84% मतदान दर्ज हुआ है। पहले चरण में 93.19% और दूसरे चरण में 92.48% वोटिंग हुई थी।8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, जबकि 2 सर्वे में TMC की वापसी का दावा किया गया है। ऐसे में 15 बूथों की री-पोलिंग ने चुनावी मुकाबले को और ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।