वेल्लोर रैली में विजय ने CM स्टालिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और चुनाव से पहले अपनी संपत्ति सार्वजनिक करने की चुनौती दी।
नई दिल्ली। तमिल सिनेमा से राजनीति में आए अभिनेता Vijay ने सोमवार को एक बड़ी रैली में मुख्यमंत्री M. K. Stalin पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्टालिन के “असली दोस्त” रिश्वत और भ्रष्टाचार हैं। रैली में मौजूद भीड़ के सामने विजय ने कहा कि आने वाला चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनयुद्ध होगा।
“दम है तो संपत्ति का खुलासा करें”
अपनी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) के चीफ विजय ने मुख्यमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो चुनाव से पहले अपनी और अपने परिवार की संपत्ति का सार्वजनिक खुलासा करें। विजय ने मंच से कहा यह 50 साल में एक बार होने वाला चुनाव जैसा है। सभी लोग विजय का विरोध करने के लिए एकजुट हो गए हैं, लेकिन मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं।
“लड़ाई TVK और DMK के बीच”
विजय ने साफ कहा कि असली मुकाबला उनकी पार्टी और Dravida Munnetra Kazhagam (DMK) के बीच है। उन्होंने मौजूदा सरकार को “नकली मॉडल सरकार” बताते हुए तंज कसा कि तमिलनाडु में इस समय “स्टैंड-अप कॉमेडी वाली सरकार” चल रही है। विजय ने भावनात्मक अंदाज में कहा, “अगर आप मेरा अपमान करते हैं, तो यह तमिलनाडु के लोगों का अपमान है। विजय और जनता खून और मांस से जुड़े हुए हैं।”
चुनावी मैदान में नई हलचल
तमिलनाडु में अगले छह महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य की 234 सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। फिलहाल सत्ता में DMK के नेतृत्व वाला सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस है। दूसरी तरफ All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam (AIADMK) और Bharatiya Janata Party (BJP) समेत नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस अपनी रणनीति बना रहे हैं। विजय ने चुनाव से पहले अपने फिल्मी करियर से दूरी बना ली है और पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। उनकी एंट्री ने राज्य की राजनीति में नया समीकरण पैदा कर दिया है।
2021 का जनादेश
पिछले विधानसभा चुनाव 2021 में DMK ने 159 सीटें जीतकर 10 साल बाद सत्ता में वापसी की थी। कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ते हुए उसे स्पष्ट बहुमत मिला और स्टालिन पहली बार मुख्यमंत्री बने। वहीं, लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस-DMK गठबंधन ने तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिससे गठबंधन की पकड़ मजबूत मानी गई।