उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास माइन विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए। दोनों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के सेना अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि घटना के कारणों की जांच जारी है।
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास माइन विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों सैनिकों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, बारामूला जिले के कमलकोट सब-सेक्टर में 8 राष्ट्रीय राइफल्स की अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के पास यह घटना हुई। घायल जवानों की पहचान दफादार विजय कुमार (42) और नायक शरणपा अंगारी (28) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में विस्फोट की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और सेना सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
सीमा पर बढ़ी निगरानी
यह घटना ऐसे समय हुई है जब स्वतंत्रता दिवस से पहले जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है। हाल के दिनों में सांबा और राजौरी सेक्टर में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने के बाद सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।
जांच के बाद होगी तस्वीर साफ
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि माइन विस्फोट सामान्य ऑपरेशन के दौरान हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आगे की कार्रवाई पर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।