तमिलनाडु में सीएम विजय की TVK सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई। समर्थन में 144 वोट पड़े, जबकि विरोध में केवल 22 वोट मिले। DMK ने सदन से वॉकआउट किया।
तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार ने फ्लोर टेस्ट जीत लिया। विश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 144 वोट पड़े, जबकि विरोध में केवल 22 वोट मिले। मतदान के दौरान 5 विधायक गैरहाजिर रहे।TVK सरकार को AIADMK के बागी विधायकों का भी समर्थन मिला, जिससे विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार हो गया।
उदयनिधि स्टालिन ने सरकार पर साधा निशाना
विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर हमला बोलते हुए कहा कि AIADMK के बागी विधायकों से मुलाकात “बदलाव नहीं, सौदेबाजी” है। उन्होंने कहा कि सरकार को “Instagram Reel नहीं, Real Governance” करनी चाहिए।स्टालिन ने आरोप लगाया कि सरकार बहुमत के लिए दूसरी पार्टियों के समर्थन पर निर्भर है। इसके बाद DMK ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
विजय बोले- सरकार हॉर्स ट्रेडिंग नहीं करेगी
मुख्यमंत्री विजय ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनकी सरकार “सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी, हॉर्स ट्रेडिंग नहीं करेगी।”उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार की जनता हित की योजनाओं को जारी रखा जाएगा।
AIADMK में बढ़ी अंदरूनी कलह
फ्लोर टेस्ट के दौरान AIADMK में खुली फूट दिखाई दी। पार्टी प्रमुख एडप्पाडी पलानीस्वामी ने विश्वास प्रस्ताव का विरोध करने का ऐलान किया, लेकिन बागी नेता एस.पी. वेलुमणि ने TVK सरकार का समर्थन कर दिया।इसी मुद्दे पर विधानसभा में जोरदार हंगामा भी हुआ।