गुजरात के सूरत के लिंबायत में रिहायशी इमारत में आग से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हुई। घर में बड़ी मात्रा में साड़ियां रखी थीं, जांच जारी है।
गांधीनगर। गुजरात के सूरत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। लिंबायत इलाके की एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई।
लिंबायत इलाके में लगी भीषण आग
दरअसल, सूरत के लिंबायत क्षेत्र में मीठी खाड़ी के पास स्थित एक रिहायशी इमारत में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के भीतर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
इस हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतकों में बुजुर्ग महिला, युवा महिलाएं और एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
घर में रखी थीं बड़ी मात्रा में साड़ियां
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह परिवार साड़ी बनाने और स्टोरेज का काम करता था। घर के अंदर करीब 10 टन साड़ियां रखी हुई थीं। बताया गया है कि घर में कपड़ों का इतना ज्यादा स्टॉक था कि चलने-फिरने की जगह भी सीमित थी। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और धुआं भर गया।
दम घुटने से मौत की आशंका
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मौतों की मुख्य वजह आग में झुलसना नहीं, बल्कि धुएं के कारण दम घुटना हो सकता है। घटना के बाद घर के अंदर घना धुआं भर गया था, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इसके चलते 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान शाहनाज़ बेगम अब्दुल कलाम अंसारी (65 वर्ष), शबीना रमज़ान अली अंसारी (28 वर्ष), परवीन अब्दुल कलाम अंसारी (19 वर्ष), हुसा बेगम अब्दुल कलाम अंसारी (18 वर्ष) और शुभान रमज़ान अली अंसारी (4 वर्ष) के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूर्व मेयर, डीसीपी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी इमारतों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जमा करने से बचें। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है।