महाकुंभ में वायरल ‘आईआईटी बाबा’ अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की। शादी के बाद अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने पहुंचे।अब आध्यात्म और शिक्षा को जोड़ने की तैयारी।
महाकुंभ में संन्यासी वेश और आईआईटी बैकग्राउंड की वजह से चर्चा में आए अभय सिंह अब एक नई पहचान के साथ सामने आए हैं। ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से मशहूर अभय ने शादी कर ली है और अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है।
महाकुंभ से चर्चा में आए थे ‘आईआईटी बाबा’
हरियाणा के झज्जर जिले के सासरौली गांव के रहने वाले अभय सिंह उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब महाकुंभ के दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ। संन्यासी वेश में दिख रहे अभय ने खुद को आईआईटी से पढ़ा हुआ बताया था। बस यहीं से सोशल मीडिया पर उन्हें ‘आईआईटी बाबा’ के नाम से पहचान मिल गई।
कर्नाटक की इंजीनियर से की शादी
अभय सिंह ने कर्नाटक की रहने वाली इंजीनियर प्रीतिका से विवाह किया है। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में शादी की और इसके चार दिन बाद कोर्ट मैरिज भी कर ली। हाल ही में दोनों झज्जर पहुंचे। जहां अभय ने अपने परिवार से मुलाकात की और पिता के चैंबर में भी कुछ समय बिताया।
पिता के चैंबर से जुड़ी पुरानी यादें
अभय के पिता कर्ण सिंह पेशे से वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। अभय ने बताया कि पढ़ाई के दौरान वह अक्सर पिता के चैंबर में बैठा करते थे और केस की तैयारी को समझते थे। इस बार भी झज्जर आने पर उन्होंने वही पुरानी यादें ताजा कीं और परिवार का आशीर्वाद लिया।

अब आध्यात्म और शिक्षा को जोड़ने की तैयारी
अभय सिंह और उनकी पत्नी प्रीतिका अब एक बड़े विजन पर काम कर रहे हैं। दोनों मिलकर एक ऐसी यूनिवर्सिटी बनाना चाहते हैं, जहां सांसारिक शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक साधना को भी महत्व दिया जाए। प्रीतिका के मुताबिक, अभय का स्वभाव बेहद सरल और ईमानदार है और दोनों का लक्ष्य सनातन परंपरा को आगे बढ़ाना है।
हिमाचल में रहकर कर रहे हैं नई शुरुआत
फिलहाल यह दंपति हिमाचल प्रदेश में रह रहा है और अपने प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। झज्जर में उनके आने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए।
सोशल मीडिया पर ‘आईआईटी बाबा’ की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि परिवार की ओर से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।