कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी ने 18,680 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया और टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार व तुष्टीकरण को लेकर तीखा हमला बोला।
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के समापन समारोह में विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने सड़क, रेलवे, बंदरगाह और जल परिवहन से जुड़ी 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
मंच से बोलते हुए उन्होंने राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति ने पश्चिम बंगाल की प्रगति को रोक दिया है।
TMC सरकार पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण ने व्यवस्था को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा, 'बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा दिखाई दे रहा है और लोगों के दिलों में भी बस चुका है। यह निर्मम सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। महाजंगलराज का अंत होकर रहेगा।'
उनके मुताबिक राज्य में युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और विकास की गति धीमी पड़ गई है।
18 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की शुरुआत
सभा में प्रधानमंत्री ने कई बड़ी विकास योजनाओं का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के 420 किलोमीटर से अधिक लंबे प्रोजेक्ट्स शुरू किए जा रहे हैं। इसके अलावा कई रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और बंदरगाहों के आधुनिकीकरण की योजना भी शामिल है।
बंदरगाह और जलमार्ग पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स में मशीनीकरण और खिदिरपुर डॉक्स के पुनरुद्धार जैसे काम भी शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दशकों तक पूर्वी भारत की क्षमता को नजरअंदाज किया गया, लेकिन अब इस क्षेत्र को व्यापार और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाया जा रहा है। उनके अनुसार जलमार्गों के विकास से व्यापार और उद्योग को बड़ा फायदा मिलेगा।
चुनाव से पहले सियासी संदेश
प्रधानमंत्री की यह रैली आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बेहद अहम मानी जा रही है। रैली के दौरान समर्थकों ने “पाल्टानो दौरकार चाई, BJP शोरकार' जैसे नारे भी लगाए। इसे भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी राज्य में सत्ता परिवर्तन का संदेश दे रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी वादा किया कि अगर भाजपा को मौका मिला तो 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और बेहतर शासन सुनिश्चित किया जाएगा। सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरी रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन इसके राजनीतिक असर पर अब पूरे राज्य की नजर बनी हुई है।