पीएम मोदी ने मेरठ में मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई। जनसभा में कांग्रेस पर बरसे मोदी… बोले- देश जानता है आप पहले से नंगे।
मेरठ। मेरठ में रविवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पहले मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाई, फिर जनसभा के मंच से कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पीएम ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री बनना है तो पहले लोगों के दिल जीतने होंगे। सिर्फ नारे और नौटंकी से कुछ नहीं होगा।
प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत रैपिड रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम खुद भी ट्रेन में सवार हुए। खास बात ये रही कि उनके साथ स्कूली बच्चे और डॉक्टर बैठे थे। सफर के दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, सपनों और पेंटिंग तक पर बात की। एक बच्ची ने उन्हें अपनी बनाई तस्वीर दिखाई तो पीएम मुस्कुराते नजर आए, और थोड़ी देर रुककर उसे ध्यान से देखा भी। इस दौरान मुख्यमंत्री Yogi Adityanath भी साथ रहे। बाद में पीएम मोहिउद्दीनपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे, जहां करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।
AI समिट को लेकर कांग्रेस पर निशाना
जनसभा में पीएम मोदी ने दिल्ली में हुए AI सम्मेलन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, जिससे देश गर्व महसूस कर रहा है। लेकिन, उनके मुताबिक कांग्रेस और उसके “इकोसिस्टम” ने इस वैश्विक आयोजन को राजनीति का अखाड़ा बना दिया। मोदी ने कहा मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने इस तरह का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
“दिल्ली में क्या TMC, DMK या बसपा ने किया?”
मोदी ने कांग्रेस को वैचारिक रूप से दिवालिया बताते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी अब दिशा खो चुकी है। उन्होंने कहा कि
दिल्ली में जो हुआ, उसमें न तो Trinamool Congress के लोग शामिल थे, न Dravida Munnetra Kazhagam और न ही Bahujan Samaj Party के। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस के कुछ सरफिरे और बेलगाम नेता देश को तबाह करने पर तुले हैं।
82 किलोमीटर की दूरी, अब 55 मिनट
दिल्ली से मेरठ के बीच 82.15 किलोमीटर का सफर अब 55 मिनट में पूरा होगा। नमो भारत रैपिड रेल मेरठ मोदीपुरम से चलकर दिल्ली के सराय काले खां तक जाएगी। कुल 13 स्टेशन होंगे, जिनमें दो अंडरग्राउंड और बाकी एलिवेटेड। रैपिड रेल 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी। 20 फरवरी को बेगमपुल से सराय काले खां के बीच ट्रायल रन हुआ था। तब ट्रेन 48 मिनट में मेरठ साउथ से सराय काले खां पहुंची, और वापसी में तो महज 39 मिनट लगे। लंबे समय से लोग इस कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे थे। खासकर रोज दिल्ली आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए ये बड़ी राहत मानी जा रही है।
“10 साल पहले दिल्ली जाना चुनौती था”
जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि एक दशक पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी तय करना किसी परीक्षा से कम नहीं था। चार-पांच घंटे का वक्त, जाम, थकान… लोग दिल्ली जाने से पहले सोचते थे। उन्होंने कहा कि अब 12 लेन एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल ने तस्वीर बदल दी है। उन्होंने मंच से कहा विकसित भारत की नींव ऐसे ही प्रोजेक्ट्स से मजबूत होती है।

मंच पर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा भेंट
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने पीएम मोदी को मेट्रो ट्रेन का श्वेत मॉडल और हॉकी के जादूगर Major Dhyan Chand की प्रतिमा भेंट की। मंच पर केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और अन्य नेता मौजूद रहे कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। भाजपा नेत्री नुपूर सागर ने बताया कि वह थोड़ी देर से पहुंचीं, इसलिए उन्हें प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से यह सही फैसला है। भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं भी नजर आईं। “धन्यवाद, धन्यवाद” के नारे गूंज रहे थे। कई महिलाओं ने कहा कि अब बच्चों की पढ़ाई और घर के काम के बीच दिल्ली आना-जाना आसान होगा।