भारत अगले कई दशकों तक हिंदू बहुल देश बना रहेगा, लेकिन यहां मुस्लिम आबादी का अनुपात बढ़ने का अनुमान है । प्यू रिसर्च सेंटर के नए अध्ययन के मुताबिक 2070 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 76 प्रतिशत और मुसलमानों की 20 प्रतिशत हो सकती है। इस दौरान भारत पाकिस्तान के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है फिलहाल इस मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।
प्यू की यह रिपोर्ट 18 नवंबर 2026 को जारी हुई है। इसमें 2020 से 2070 तक दुनिया के 201 देशों और क्षेत्रों में सात प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी में संभावित बदलाव का अनुमान लगाया गया है । ये देश और क्षेत्र दुनिया की 99.98 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं।
भारत में हिंदू आबादी की हिस्सेदारी घटेगी
अध्ययन के मुताबिक भारत में हिंदुओं की संख्या 2020 के करीब 111 करोड़ से बढ़कर 2070 तक लगभग 129 करोड़ हो सकती है । यानी पांच दशकों में करीब 17.6 करोड़ की वृद्धि का अनुमान है। इसके बावजूद कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4 प्रतिशत से घटकर 75.8 प्रतिशत रह सकती है। इसका मतलब है कि हिंदुओं की संख्या बढ़ेगी, लेकिन देश की कुल आबादी में उनका अनुपात कुछ कम होगा।
मुस्लिम आबादी 33.4 करोड़ होने का अनुमान
रिपोर्ट के अनुसार भारत में मुसलमानों की संख्या 2020 में करीब 21.3 करोड़ थी, जो 2070 तक बढ़कर 33.4 करोड़ हो सकती है । कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 15.2 प्रतिशत से बढ़कर 19.6 प्रतिशत होने का अनुमान है । इसके साथ ही भारत दुनिया में सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देशों की सूची में तीसरे से दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है, पाकिस्तान में 2070 तक करीब 46.1 करोड़ मुसलमान होने का अनुमान है। वहीं नाइजीरिया तीसरे स्थान पर पहुंच सकता है।
कम उम्र और प्रजनन दर बड़ी वजह
प्यू ने आबादी में इस बदलाव के पीछे दो प्रमुख कारण बताए हैं धार्मिक समूहों की औसत उम्र और प्रजनन दर । अध्ययन के मुताबिक, 2020 में भारतीय मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की 29 साल थी । रिपोर्ट में अनुमान है कि 2025 से 2030 के बीच मुस्लिम महिलाओं के औसतन 2.3 बच्चे हो सकते हैं, जबकि हिंदू महिलाओं के लिए यह आंकड़ा 1.8 रहने का अनुमान है ।
दुनिया में भी बदल सकता है धार्मिक आबादी का अनुपात
प्यू के वैश्विक अनुमान के मुताबिक 2070 तक मुसलमान दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन सकते हैं । उनकी आबादी करीब 360 करोड़ और वैश्विक हिस्सेदारी 36 प्रतिशत होने का अनुमान है। इस दौरान वे ईसाइयों को पीछे छोड़ सकते हैं । प्यू ने 2020 को आधार वर्ष मानकर प्रजनन दर, उम्र, मृत्यु दर और प्रवासन जैसे कारकों के आधार पर अनुमान तैयार किए हैं ।