India Pakistan News: पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत पाकिस्तान के बीच सीमा पर लगातार गोलीबारी हो रही है। पाकिस्तान हर बार सीमा उल्लंघन कर फायरिंग कर रहा है। जिसका जवाब भारत की तरफ से दिया जा रहा था। लेकिन अब कुछ दिन के लगातार संघर्ष पर विराम लग गया है। शनिवार शाम को हुई बैठक में दोनों देशों के बीच सीजफायर का ऐलान हुआ है। दोनों देश इस बात पर सहमत हो गए हैं की आज शाम पांच बजे के बाद से वो फायरिंग रोक देंगे। इस सीजफायर के बाद जम्मू- कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला का बयान सामने आया है।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा
जम्मू- कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने सीजफायर को लेकर कहा कि मै इस संघर्ष विराम का स्वागत करता हूँ। उन्होंने आगे मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर यह दो तीन दिन पहले हुआ होता तो हमारी जो जाने गईं हैं वो नहीं जाती। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने हमारे डीजीएमओ को बुलाया और संघर्ष विराम लागू हुआ। उमर अब्दुल्ला ने बयान में यह भी कहा कि वर्तमान में जम्मू कश्मीर सरकार की जिम्मेदारी है कि जहाँ भी नुकसान हुआ है उसका आंकलन करें और लोगों को राहत पहुंचाए। पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलाबारी में जो भी लोग घायल हुए है उन्हें सही इलाज और सरकारी योजना से राहत मिले।
पहलगाम हमले के बाद से तनाव बढ़ा
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच युद्ध जैसा माहौल बनता गया। भारत ने ऑपरेशन सिन्दूर के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। जिसके बाद पाकिस्तान की तरफ से भारत के कई हिस्सों में ड्रोन से हमले हुए जिसका जवाब भारतीय सेना ने बड़े ही बहादुरी से दिया। लेकिन अब भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम को लेकर सहमति बन गई है।