मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के वडाला इलाके में 9 नवंबर की रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोढ़ा जंक्शन के ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी दो कारों को पीछे से आ रही एक बेकाबू BEST बस ने जोरदार टक्कर मार दी, हादसे में छह लोग घायल हो गए। इनमें एक कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं सभी घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे लोढ़ा जंक्शन के ट्रैफिक सिग्नल पर हुई उस समय एक BEST बस सिग्नल पर खड़ी थी । उसके पीछे मारुति अर्टिगा और हुंडई क्रेटा कार भी सिग्नल खुलने का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी BEST बस के चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया । बस ने दोनों कारों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें आगे खड़ी बस के बीच दब गईं।
अर्टिगा चालक को गंभीर चोट
हादसे में अर्टिगा कार के चालक के पैर में गंभीर चोट आई है, कार में सवार तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। वहीं क्रेटा में सवार एक पुरुष और एक महिला भी घायल हुए हैं। इस तरह कुल छह लोग दुर्घटना में घायल हुए । घटना के बाद सभी घायलों को सायन अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।