मुंबई: गुरुवार, 12 नवंबर को सुबह 10:52 बजे एक ईमेल भेजा गया। यह ईमेल पंजाब नेशनल बैंक के मुंबई जोनल कार्यालय, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार स्थित बैंक शाखा को भेजा गया था । इसमें शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बम धमाके और हमले करने की चेतावनी दी गई।
ईमेल में पीएनबी शाखा में दोपहर 1:11 बजे, एक अदालत में 2:11 बजे और मेयर कार्यालय में 3:11 बजे धमाके की बात लिखी गई, इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रात 9:11 बजे धमाके की चेतावनी दी गई । महालक्ष्मी स्टेडियम और अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा का भी जिक्र किया गया।
ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम
धमकी भरे ईमेल पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से हस्ताक्षर किए गए थे. इसमें इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला और डॉ. गुरनिर्वैर सिंह खान राजादा के नाम भी लिखे गए, हालांकि इन नामों और कथित संगठन की वास्तविकता की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ईमेल भेजने वाले का किसी संगठन से कोई संबंध है या नहीं।
ईमेल में गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया गया । उनके महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कार्यक्रम को लेकर धमकी दी गई। अमिताभ बच्चन के बंगले के साथ उनकी कार पर हमले की चेतावनी भी लिखी गई।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
ईमेल मिलने के बाद मुंबई में संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई और जांच की गई, शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई । पुलिस और साइबर टीम ईमेल के स्रोत, उसे भेजने वाले की पहचान और धमकी की गंभीरता की जांच कर रही हैं।
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को भी मुंबई के मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर इसी तरह की धमकी मिली थी। ऐसे में नए ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से देख रही हैं।