खटीमा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने खटीमा में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सिंहस्थ 2028 के लिए लोगों को उज्जैन आने का न्योता दिया। करीब 15 मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ की तैयारियों में जुटी है। मंच से उन्होंने खटीमा के लोगों से कहा कि वे इस आयोजन में जरूर पहुंचें।
अर्धकुंभ से सिंहस्थ तक की बात
यादव ने अपने संबोधन में कुंभ आयोजनों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2027 में हरिद्वार में अर्धकुंभ होगा, जबकि 2028 में मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होना है। देवभूमि के श्रद्धालुओं को सामने बैठा देख उन्होंने उत्तराखंड से उज्जैन का रिश्ता भी जोड़ा। भाषण की शुरुआत उन्होंने बाबा बद्री विशाल, महाकाल महाराज, गंगा और शारदा महारानी के जयकारों से की थी।
इसके बाद उन्होंने कहा कि हरिद्वार में अगले वर्ष 2027 में अर्धकुंभी होने वाली है। हम सब पर परमात्मा चाहेगा तो गंगा के किनारे हरिद्वार में उस कुंभ में भी आएंगे और 2028 में जैसे यहां कुंभ का मेला होता है वैसे हमारे यहां सिंहस्थ का मेला होता है। और सिंहस्थ का मेला हमारे यहां 2028 में होने वाला है। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हमारी सरकार की तरफ से सारे प्रबंधन कर रहे हैं।
भारत की आध्यात्मिक चेतना, शौर्य और संस्कृति को समाहित करते हुए देवभूमि राष्ट्रभूमि के रूप में भी विख्यात है। बड़े-बड़े संत और महंत यहाँ निवास कर तपस्या करते हैं। भगवान राम का जन्म अयोध्या में हुआ लेकिन उन्होंने वनवास के 11 साल मध्यप्रदेश के चित्रकूट में बिताये। बाबा महाकाल की स्थली एवं भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली उज्जैन हैं, ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग है। ऐसी आध्यात्मिक स्थल मध्यप्रदेश में आप सभी का आत्मीय अभिनंदन करता हूँ।
उज्जैन के साथ चित्रकूट और ओंकारेश्वर भी
मुख्यमंत्री ने सिर्फ सिंहस्थ तक बात नहीं रखी। उन्होंने खटीमा के लोगों को उज्जैन, चित्रकूट और ओंकारेश्वर आने का निमंत्रण भी दिया। उनका कहना था कि ये धार्मिक स्थल लोगों को बुला रहे हैं। यादव ने कहा कि हिंदुस्तान में जन्म लेने वाले व्यक्ति का अगर देवभूमि उत्तराखंड आना नहीं हुआ तो उसका जन्म अधूरा लगता है।
कृष्ण और सुदामा की दोस्ती का उदाहरण
न्योते के साथ मुख्यमंत्री ने रिश्तों की बात भी की। भगवान कृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कितना भी बड़ा मुकाम मिल जाए, पुराने मित्रों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सक्षम होने पर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और समाज में भाईचारा बना रहना चाहिए।
मोदी और धामी की तारीफ भी की
भाषण में यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की और कहा कि देश का माहौल बदला है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए उन्होंने मंच से तालियां भी बजवाईं। उनके मुताबिक धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड की तस्वीर बदल रही है और चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्थाएं हो रही हैं।
लोहियाहेड हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यादव का स्वागत किया। इसके बाद वे नगरा तराई में धामी के आवास गए और कुछ देर रुककर अशोक फार्म स्थित सभा स्थल पहुंचे। यहां से उनका अगला कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा में है।