Breaking News
  • BRICS सम्मेलन: 20 देशों के कृषि मंत्री और विशेषज्ञ इंदौर में जुटे
  • पटाखा दुकान में लगी आग, लगातार होते रहे धमाके, भोपाल के बैरागढ़ रोड पर हादसा, 70 फीट तक ऊपर उठी लपटें
  • दिल्ली में आधी रात 70kmph की रफ्तार से आंधी चली: MP-राजस्थान समेत 22 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
  • भारत में 2024 में सड़क हादसों से 1.77 लाख लोगों की मौत, हर घंटे 20 लोगों ने गंवाई जान
  • प्रख्यात शूटर जसपाल राणा का निधन, अस्पताल में चल रहा था इलाज

होम > देश

LPG Tanker Reaches India Via Hormuz

होर्मुज पार कर भारत पहुंचा LPG टैंकर, ईरान बोला- व्यापारिक सुरक्षा बनी रहेगी

ईरान तनाव के बीच 20 हजार टन LPG लेकर एक और टैंकर भारत पहुंचा, होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा को लेकर ईरान का बड़ा बयान।


होर्मुज पार कर भारत पहुंचा lpg टैंकर ईरान बोला- व्यापारिक सुरक्षा बनी रहेगी

LPG Loaded Ship Reached india cross Hormuz |

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है। होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित गुजरते हुए एक और LPG टैंकर भारत पहुंच गया है। मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला टैंकर ‘सिमी’ करीब 20 हजार टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंचा। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान और क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद अब तक कुल 15 LPG जहाज सुरक्षित रूप से भारत पहुंच चुके हैं। इससे भारत की ऊर्जा सप्लाई को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हुई है।

भारतीय एजेंसियों की निगरानी में जहाजों की आवाजाही

बताया गया है कि टैंकर ‘सिमी’ ने 13 मई को होर्मुज स्ट्रेट पार किया था। इसके अलावा ‘MV सनशाइन’ नाम का एक अन्य LPG जहाज भी हाल में सुरक्षित तरीके से इस समुद्री मार्ग से निकल चुका है। जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारतीय नौसेना समेत कई एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बावजूद भारत अपने ऊर्जा आयात को सुचारु बनाए रखने की कोशिश में जुटा है।

ईरान ने दिया व्यापारिक सुरक्षा का भरोसा

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत में कहा कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाता रहेगा। अराघची ने कहा कि मित्र देशों को व्यापारिक गतिविधियों और समुद्री सुरक्षा को लेकर ईरान पर भरोसा रखना चाहिए। वहीं ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने दावा किया कि क्षेत्र में हालात सामान्य होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाया जाएगा।

UAE के परमाणु संयंत्र में ड्रोन हमले के बाद आग

इस बीच संयुक्त अरब अमीरात के अल-धफरा क्षेत्र स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की खबर ने क्षेत्रीय चिंता और बढ़ा दी है। अबू धाबी मीडिया ऑफिस के अनुसार हमले में एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर प्रभावित हुआ। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि आग पर जल्द काबू पा लिया गया और परमाणु सुरक्षा या रेडिएशन स्तर पर कोई असर नहीं पड़ा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता के लिए किसी प्रकार का खतरा नहीं है और संयंत्र सामान्य रूप से काम कर रहा है। बराकाह प्लांट को अरब दुनिया का पहला परमाणु ऊर्जा संयंत्र माना जाता है।

होर्मुज में नया ट्रैफिक सिस्टम लाएगा ईरान

ईरान ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही के लिए नया 'ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' लागू करेगा। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी ने कहा कि नई व्यवस्था ईरान की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सिस्टम का लाभ उन्हीं देशों और जहाजों को मिलेगा जो ईरान के साथ सहयोग करेंगे। कुछ विशेष सेवाओं के लिए शुल्क लेने की बात भी कही गई है।

कुवैत और UAE को ईरान की चेतावनी

ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मोखबर ने कुवैत और UAE को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान ने अब तक संयम बरता है, लेकिन यह हमेशा जारी नहीं रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देशों ने अपनी जमीन ईरान विरोधी गतिविधियों के लिए उपलब्ध कराई है। मोखबर के बयान को खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते राजनीतिक तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

ईरानी संसद अध्यक्ष का पश्चिमी देशों पर निशाना

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि दुनिया अब नए वैश्विक बदलाव की ओर बढ़ रही है और पश्चिमी देशों का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय 'ग्लोबल साउथ' का होगा। गालिबाफ ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि हालिया क्षेत्रीय घटनाओं ने वैश्विक बदलाव की रफ्तार और तेज कर दी है।

कजाकिस्तान ने भेजी मानवीय सहायता

आर्थिक संकट से जूझ रहे ईरान को कजाकिस्तान ने राहत सामग्री भेजी है। रिपोर्ट्स के अनुसार कजाकिस्तान ने 30 वैगन मानवीय सहायता ईरान रवाना की है। इस सहायता में खाद्य सामग्री, दवाइयां और मेडिकल उपकरण शामिल हैं। ईरान में कजाकिस्तान के राजदूत ओंतालाप ओनालबायेव ने कहा कि कठिन समय में असली साझेदारी की पहचान होती है। ईरान इस समय गंभीर आर्थिक दबाव से गुजर रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में महंगाई 53 प्रतिशत से ज्यादा पहुंच चुकी है, जबकि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Related to this topic: