पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया दावा सामने आया है। जांच में सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित सीक्रेट शादी की पड़ताल हो रही है। पुलिस मैरिज रिकॉर्ड, गवाहों और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में अब एक नया एंगल सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है कि केतन से सगाई होने के बावजूद सिया गोयल ने करीब चार महीने पहले अपने प्रेमी चेतन चौधरी से गुपचुप शादी कर ली थी। जांच एजेंसियां इस कथित शादी से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान जुटाने में लगी हैं।
मामले में सिया और चेतन पहले से न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस का मानना है कि अगर सीक्रेट शादी की पुष्टि होती है तो यह केस की साजिश और कथित मकसद को समझने में अहम कड़ी साबित हो सकता है।
सबूत जुटाने में जुटी जांच एजेंसियां
रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस यह पता लगा रही है कि कथित शादी पुणे के रजिस्ट्रार कार्यालय में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत दर्ज कराई गई थी या नहीं। मैरिज सर्टिफिकेट और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सिया की दो कॉलेज सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है, जिन्हें कथित तौर पर शादी का गवाह बताया जा रहा है। साथ ही सोशल मीडिया से हटाई गई तस्वीरों को भी रिकवर करने की कोशिश जारी है।
बैंक रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
जांच एजेंसियां चेतन चौधरी के बैंक लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं। यह देखा जा रहा है कि शादी की प्रक्रिया में किसी बिचौलिए को भुगतान किया गया था या नहीं। पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि नवंबर में तय शादी की तैयारियां तेज होने के बाद कथित साजिश को जल्द अंजाम दिया गया।
वायरल चैट ने बढ़ाए सवाल
जांच के दौरान सिया की एक कथित स्नैपचैट बातचीत भी चर्चा में है। वायरल चैट में उसने अपनी दोस्त से शादी की तैयारियों के लिए आधार कार्ड मांगा था और साथ ही लिखा था कि "ये शादी होने नहीं वाली।" पुलिस इस बातचीत की प्रामाणिकता और उसके संदर्भ की भी जांच कर रही है।
जांच के केंद्र में हत्या की पूरी टाइमलाइन
पुलिस के अनुसार केतन अग्रवाल की मौत 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर हुई थी। आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर उन्हें करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया। इससे पहले 14 जून को भी कथित तौर पर हत्या की एक कोशिश की गई थी, जिसमें केतन बच गए थे। फिलहाल दोनों आरोपी 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।