श्रीनगर। कश्मीर में ताजा बर्फबारी से पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है । गुलमर्ग के कोंगडूरी, सोनमर्ग, गुरेज और द्रास के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार, 11 नवंबर को हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से घाटी में ठंड बढ़ने लगी है मौसम विभाग ने 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान जताया है, कुछ पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात की भी आशंका है।
गुलमर्ग से सोनमर्ग तक बर्फबारी
ताजा हिमपात के बाद गुलमर्ग के कोंगडूरी और आसपास की पहाड़ियों का नजारा बदल गया है । वहीं सोनमर्ग, गुरेज, जोजिला और द्रास के ऊंचाई वाले हिस्सों में भी बर्फबारी हुई है, इन इलाकों में सर्दियों की शुरुआत के साथ पर्यटकों के लिए आकर्षण बढ़ गया है हालांकि फिलहाल बर्फबारी मुख्य रूप से ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक सीमित है। मैदानी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है ।
12-13 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 12 और 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है । उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बांदीपोरा के ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम से भारी हिमपात की आशंका है।
इस मौसम बदलाव के कारण 12 और 13 नवंबर को दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की भी संभावना है ।